
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आपदा प्रबंधन और आपातकालीन तैयारियों को लेकर बड़ा संदेश दिया है। लखनऊ पुलिस लाइन में आयोजित मॉकड्रिल के दौरान उन्होंने कहा कि विपत्ति कभी तिथि बताकर नहीं आती। इसलिए हर परिस्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयार रहना बेहद जरूरी है। संकट के समय सभी विभागों और एजेंसियों को एकजुट होकर काम करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 60 जनपदों में सिविल डिफेंस की स्थापना की जा चुकी है। इसके साथ ही सभी जनपदों में हेड सायरन की व्यवस्था भी की गई है। प्रदेश के सभी जिलों में मॉकड्रिल आयोजित कर आपातकालीन तैयारियों को परखा जा रहा है।
मॉकड्रिल से परखी जा रही आपदा प्रबंधन की तैयारी
सीएम योगी ने कहा कि किसी भी आपदा से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए प्रशिक्षण, अनुशासन और आपसी समन्वय जरूरी है। मॉकड्रिल केवल एक अभ्यास नहीं, बल्कि यह जांचने का माध्यम है कि आपातकालीन स्थिति में हमारी व्यवस्था कितनी तेजी और प्रभावी ढंग से काम कर सकती है।
उन्होंने कहा कि इस अभ्यास से तैयारियों की कमियों का पता चलता है और उनमें सुधार करने का अवसर मिलता है।
पुलिस से लेकर SDRF-NDRF तक निभाती हैं अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जब भी कोई आपदा आती है, तो पुलिस, SDRF, NDRF, PAC और सिविल डिफेंस की टीमें राहत एवं बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि संकट के समय लोगों तक जल्द से जल्द सहायता पहुंचाई जा सके।
संकट आने से पहले तैयारी करना जरूरी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जिले को किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब संकट आता है, तब कुआं नहीं खोदा जाता, बल्कि प्यास लगने से पहले ही तैयारी करनी पड़ती है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपदा के समय राहत और बचाव कार्यों को तेजी से संचालित करना तथा प्रशासन की कार्यक्षमता को मजबूत बनाना है।







