
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की तेजी से बढ़ती ताकत के बीच मेटा के चीफ AI ऑफिसर एलेक्जेंडर वांग ने भविष्य को लेकर बड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि दुनिया सुपरइंटेलिजेंस के करीब पहुंच रही है। ऐसे में AI पर इंसानों का नियंत्रण बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती बन सकता है।
वांग ने ‘Superintelligence is Coming’ शीर्षक से एक पोस्ट साझा करते हुए AI इंडस्ट्री से मौजूदा विकास रणनीति पर दोबारा विचार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आने वाले एक साल में लिए जाने वाले फैसले समाज के भविष्य को प्रभावित कर सकते हैं। इसलिए AI कंपनियों को तकनीकी विकास के साथ सेफ्टी, अलाइनमेंट और सिक्योरिटी पर भी विशेष ध्यान देना होगा।
AI की बढ़ती क्षमता को बताया अहम मोड़
एलेक्जेंडर वांग ने AI की मदद से रीमैन हाइपोथीसिस के कथित प्रमाण की ओर इशारा करते हुए इसे AI की बढ़ती क्षमताओं का महत्वपूर्ण संकेत बताया। उनके मुताबिक, AI अब कोडिंग, साइबर क्षमताओं और AI एजेंट्स जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि AI के इंसानी क्षमताओं से आगे निकलने की चुनौती केवल उसकी बौद्धिक क्षमता तक सीमित नहीं होगी। विशेष जानकारी, प्रयोग और वास्तविक दुनिया में काम करने की क्षमता भी इसमें अहम भूमिका निभाएगी।
खुद को बेहतर बनाने वाले AI सिस्टम पर चिंता
वांग ने रिकर्सिव सेल्फ-इम्प्रूवमेंट को लेकर भी चिंता जताई। यह ऐसी प्रक्रिया है, जिसमें AI सिस्टम अपनी क्षमताओं को लगातार बेहतर बनाने में सक्षम हो सकते हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि अगर AI बिना प्रभावी मानवीय निगरानी के खुद को बेहतर बनाने लगे, तो उस पर इंसानों का नियंत्रण कैसे कायम रहेगा। उनके अनुसार, ऐसी स्थिति में मानव नियंत्रण सुनिश्चित करना आसान नहीं होगा।
AI को पूरी तरह फैसले सौंपने के पक्ष में नहीं वांग
मेटा के चीफ AI ऑफिसर ने स्पष्ट किया कि AI का विकास करने का मतलब यह नहीं है कि इंसान अपनी निर्णय लेने की शक्ति मशीनों को सौंप दें।
उन्होंने कहा कि AI ऐसी तकनीक होनी चाहिए, जो लोगों को अधिक नियंत्रण और नए अवसर दे। समाज को अपना भविष्य पूरी तरह AI के हवाले करने के लिए तैयार नहीं होना चाहिए।
कौन हैं एलेक्जेंडर वांग?
एलेक्जेंडर वांग जून 2025 में मेटा के पहले चीफ AI ऑफिसर बने थे। वह कंपनी की मेटा सुपरइंटेलिजेंस लैब्स का नेतृत्व कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने AI डेटा कंपनी स्केल AI की स्थापना की थी।
वांग का मानना है कि AI के भविष्य की असली चुनौती सिर्फ अधिक शक्तिशाली सिस्टम बनाना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि इस तकनीक का लाभ पूरी मानवता को मिले और इंसान अपने भविष्य पर नियंत्रण बनाए रखें।







