
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हर सप्ताह अपनी ‘पाती’ के जरिए प्रदेशवासियों से संवाद करते हैं। इस साप्ताहिक संवाद के 50 सप्ताह पूरे हो चुके हैं। इस खास मौके पर मुख्यमंत्री ने एक नई पाती लिखकर बताया कि आखिर वह हर सप्ताह पत्र क्यों लिखते हैं और इसके पीछे उनकी क्या सोच है। योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान वनटांगिया गांव से जुड़ा एक पुराना प्रसंग साझा किया। उन्होंने कहा कि उनकी पाती केवल विचारों की अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि प्रदेश की जनभावनाओं को समझने और उन्हें आवाज देने का माध्यम है।
वनटांगिया गांव के अनुभव से मिली प्रेरणा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी पाती में बताया कि उन्हें आज भी पहली बार वनटांगिया गांव जाने का प्रसंग याद है। वहां कोल, गोंड, मुसहर, थारू और बुक्सा जैसे वंचित समुदायों के लोगों की दयनीय स्थिति और वर्षों से बुनियादी सुविधाओं से वंचित जीवन को देखकर वह काफी व्यथित हुए थे।
उन्होंने लिखा कि उस अनुभव ने उन्हें यह सोचने पर मजबूर किया कि शासन का वास्तविक उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना और उपलब्धियां गिनाना नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना भी है। ऐसे लोगों की समस्याओं और अपेक्षाओं को समझना जरूरी है, जिनकी आवाज कई बार शासन तक नहीं पहुंच पाती।
योगी ने कहा कि इसी अनुभव के बाद उन्होंने शासन और जनता के बीच निरंतर संवाद और संवेदनशीलता बनाए रखने का संकल्प लिया। उनकी साप्ताहिक पाती की प्रेरणा भी इसी सोच से जुड़ी है।
‘उत्तर प्रदेश एक परिवार है, यहां आदेश नहीं अपनत्व से संवाद होता है’
मुख्यमंत्री ने अपनी पाती में लिखा कि उत्तर प्रदेश उनके लिए केवल एक प्रशासनिक इकाई नहीं, बल्कि एक परिवार है। परिवार में आदेश नहीं दिए जाते, बल्कि अपनत्व के साथ संवाद किया जाता है। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश रहती है कि पाती के माध्यम से उन विषयों पर बात हो, जो सीधे प्रदेशवासियों के जीवन, उनकी आकांक्षाओं और नए उत्तर प्रदेश के भविष्य से जुड़े हैं।
जनभावनाओं को आवाज देने का माध्यम बनी पाती
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, बीते एक साल में लिखे गए ये पत्र उनके लिए केवल विचारों को व्यक्त करने का जरिया नहीं रहे, बल्कि प्रदेश की जनभावनाओं को समझने और उन्हें स्वर देने का माध्यम भी बने हैं। उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि इस संवाद की गूंज उत्तर प्रदेश की सीमाओं से निकलकर देश के दूसरे हिस्सों तक पहुंची है। योगी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि उनकी पाती में केवल मुख्यमंत्री के विचार ही नहीं, बल्कि जनता की अपेक्षाओं, सुझावों और मन की बात को भी जगह मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज ही इस संवाद की वास्तविक ताकत है।
सरकार और समाज के बीच विश्वास का सेतु बनाने की कोशिश
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से इस संवाद श्रृंखला को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विचारों की यह साझेदारी सरकार और समाज के बीच विश्वास का ऐसा सेतु बने, जो दोनों को एक-दूसरे के और करीब लाए। योगी आदित्यनाथ ने समृद्धि में अग्रणी और संस्कारों में श्रेष्ठ उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प लेने की बात भी कही।







