
मुंबई। इंतजार खत्म हुआ। बहुचर्चित फिल्म ‘मिर्जापुर द मूवी’ का ऑफिशियल ट्रेलर मंगलवार, 11 अगस्त को रिलीज कर दिया गया। करीब 3 मिनट लंबे ट्रेलर में मिर्जापुर की सत्ता, बदले, साजिश और खून-खराबे का नया अध्याय देखने को मिल रहा है। सबसे बड़ा सरप्राइज है मुन्ना भैया यानी दिव्येंदु शर्मा की दमदार वापसी।
‘भौकाल लाइक नेवर बिफोर’ के वादे के साथ आ रही यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को हिंदी और तेलुगु भाषा में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है।
‘गद्दी सिर्फ बाहुबल से मिलती है’
ट्रेलर की शुरुआत एक खाली गद्दी और दमदार वॉयसओवर से होती है। आवाज सुनाई देती है- “गद्दी ना तो विरासत से मिलती है, ना सियासत से… मिलती है तो सिर्फ और सिर्फ बाहुबल से।”
इसके बाद शुरू होता है मिर्जापुर की गद्दी पर कब्जे का खेल। कालीन भैया के किरदार में पंकज त्रिपाठी एक बार फिर अपने पुराने रौब और अंदाज में नजर आ रहे हैं। वहीं मुन्ना भैया की वापसी कहानी में रोमांच को और बढ़ा देती है।
ट्रेलर में किरदारों को खास टाइटल के साथ पेश किया गया है। कालीन भैया को ‘द किंग’, मुन्ना भैया को ‘द प्रिंस’, जबकि गुड्डू और बबलू को ‘द लायंस’ के रूप में दिखाया गया है।
गद्दी के लिए आमने-सामने होंगे पुराने खिलाड़ी
ट्रेलर में कालीन भैया, मुन्ना भैया, गुड्डू पंडित और बबलू पंडित के बीच सत्ता और वर्चस्व की लड़ाई देखने को मिलती है। बंदूकें, गोलियों की बौछार, गाड़ियां और दमदार डायलॉग ट्रेलर को पूरी तरह ‘मिर्जापुर’ वाला अंदाज देते हैं।
रवि किशन का किरदार भी बेहद आक्रामक और मनोरंजक नजर आ रहा है। फायरिंग के बीच उनका अंदाज और तंज दर्शकों का ध्यान खींचता है। वहीं बीना भाभी के किरदार में रसिका दुगल एक बार फिर सत्ता के इस खेल में अपनी राजनीतिक चालें चलती दिखाई दे रही हैं।
बबलू पंडित के किरदार में नजर आएंगे जितेंद्र कुमार
फिल्म की कास्ट में एक बड़ा बदलाव भी देखने को मिलेगा। वेब सीरीज में बबलू पंडित का किरदार निभाने वाले विक्रांत मैसी की जगह अब फिल्म में अभिनेता जितेंद्र कुमार इस भूमिका में नजर आएंगे।
फिल्म की रिलीज से पहले मेकर्स ने कई नए पोस्टर भी जारी किए थे। इन पोस्टर्स में कालीन भैया, मुन्ना भैया, गुड्डू पंडित और बबलू पंडित के दमदार लुक सामने आए थे।
रवि किशन से अभिषेक बनर्जी तक, बड़ी स्टारकास्ट
‘मिर्जापुर द मूवी’ में कई बड़े कलाकार नजर आएंगे। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु शर्मा, अली फजल और जितेंद्र कुमार के अलावा रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौड़, श्वेता त्रिपाठी, सोनल एस. चौहान, अनंग्शा बिस्वास, शाजी चौधरी, सत्येंद्र सोनी, कुलभूषण खरबंदा और सुशांत सिंह भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
फिल्म की कहानी और पटकथा पुनीत कृष्णा ने लिखी है। इसका निर्माण रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर की एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया गया है।
ट्रेलर ने बढ़ाई फिल्म को लेकर उत्सुकता
ट्रेलर को देखकर इतना साफ है कि बड़े पर्दे पर ‘मिर्जापुर’ की दुनिया पहले से कहीं ज्यादा बड़े पैमाने पर दिखाई देने वाली है। पुराने किरदारों की वापसी, सत्ता की लड़ाई, बदले की आग और जबरदस्त एक्शन ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
अब देखना होगा कि 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में पहुंचने के बाद ‘मिर्जापुर द मूवी’ दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है और मिर्जापुर की गद्दी पर आखिर किसका कब्जा होता है।







