
कनाडा बढ़ाएगा यूपी के साथ व्यापार, ऊर्जा व रक्षा सहयोग
लखनऊ, 18 मार्च। उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश गंतव्य बनाने की दिशा में एक और अहम कदम उठाते हुए भारत में कनाडा के उच्चायुक्त क्रिस्टोफर कूटर के नेतृत्व में उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ का दौरा किया। इस दौरान प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना और मुख्यमंत्री सचिव अमित सिंह ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया।

प्रतिनिधिमंडल ने Invest UP मुख्यालय में अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में रक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा और शैक्षणिक नवाचार जैसे क्षेत्रों में यूपी और कनाडा के बीच सहयोग बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के दौरान प्रदेश के मजबूत निवेश माहौल, बड़े उपभोक्ता बाजार और विकसित हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर का प्रस्तुतीकरण किया गया। यूपी की एफडीआई नीति-2023 और जीसीसी नीति-2024 जैसी पहलों को वैश्विक कंपनियों को आकर्षित करने में प्रभावी बताया गया। साथ ही, उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की प्रगति और ब्रह्मोस मिसाइल जैसे उन्नत विनिर्माण क्षमताओं पर भी प्रकाश डाला गया।
उच्चायुक्त क्रिस्टोफर कूटर ने कहा कि भारत-कनाडा के बीच व्यापारिक संबंधों में अभी अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने ग्रीन हाइड्रोजन, एलएनजी/एलपीजी और क्रिटिकल मिनरल्स जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को भी महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि कनाडा के संस्थानों और उत्तर प्रदेश के बीच साझेदारी से कौशल विकास, नवाचार और वैश्विक प्रतिभा आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा।
उच्चायुक्त ने उत्तर प्रदेश को कनाडा के साथ साझेदारी को और मजबूत करने का आमंत्रण दिया और विश्वास जताया कि व्यापार, तकनीकी हस्तांतरण और कौशल विकास के क्षेत्र में सहयोग से दोनों पक्षों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।









