
CM रेखा गुप्ता ने ड्रेनेज रीमॉडलिंग की शुरुआत की
राजधानी दिल्ली को बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ड्रेनेज रीमॉडलिंग परियोजना की शुरुआत की है। 14 मार्च को उन्होंने हैदरपुर मेन रोड पर बस स्टैंड से डीए ब्लॉक, शालीमार बाग तक स्टॉर्म वाटर ड्रेन के रीमॉडलिंग कार्य का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से बरसात में जलभराव की समस्या कम होगी और सड़क तथा आसपास का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा।
कमर्शियल LPG सिलेंडर की सप्लाई 20% तक सीमित
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गैस आपूर्ति प्रभावित होने का असर देश में भी दिखाई दे रहा है। दिल्ली सरकार ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई को औसत खपत के 20 प्रतिशत तक सीमित कर दिया है। इस फैसले के बाद राजधानी में प्रतिदिन लगभग 1,800 कमर्शियल सिलेंडर प्राथमिकता के आधार पर वितरित किए जाएंगे।
ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री परेशान
रविवार को दिल्ली आने-जाने वाली कई लंबी दूरी और लोकल ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं। दरभंगा-नई दिल्ली सुपरफास्ट स्पेशल करीब 11 घंटे देरी से पहुंची, जबकि लौकहा बाजार-आनंद विहार टर्मिनल ट्रेन लगभग सवा छह घंटे लेट रही। ट्रेनें लेट होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
फ्रोजन एम्ब्रियो विवाद दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचा
मुंबई की एक महिला ने अपने अलग रह रहे पति के साथ चल रहे विवाद के बीच जमे हुए भ्रूण (फ्रोजन एम्ब्रियो) के अधिकार को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। महिला के पास कुल 16 भ्रूण संरक्षित बताए जा रहे हैं। इससे पहले राष्ट्रीय सहायक प्रजनन प्रौद्योगिकी (ART) और सरोगेसी बोर्ड ने उसकी अपील खारिज कर दी थी।
कैब ड्राइवर की छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली में एक महिला के साथ बाइक कैब चालक द्वारा छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। रोहिणी से पीतमपुरा जा रही महिला के विरोध करने पर चालक ने बदसलूकी की और जान से मारने की धमकी दी। महिला की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने आरोपी सचिन को गिरफ्तार कर उसकी बाइक जब्त कर ली है। अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
‘जल्दी सिलेंडर दिलाने’ के नाम पर ठगी का अलर्ट
दिल्ली पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी है कि कुछ गिरोह एलपीजी सिलेंडर जल्दी दिलाने या पीएनजी कनेक्शन कटने का डर दिखाकर ठगी कर रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे फोन कॉल या संदेशों से सावधान रहें और किसी अज्ञात व्यक्ति को पैसे न दें।
माचिस जलाते ही धमाका, बुजुर्ग महिला की मौत
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के बदरपुर इलाके के मोलड़बंद में एक हादसे में 65 वर्षीय महिला बीनू सिंह उर्फ पुष्पा सिंह की झुलसने से मौत हो गई। बताया गया कि महिला छत पर बने बाथरूम में बीड़ी पीने गई थीं। माचिस जलाते ही धमाका हुआ और बाथरूम में आग लग गई, जिससे वह बुरी तरह झुलस गईं।
दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने बदली करवट
दिल्ली-एनसीआर में रविवार सुबह मौसम ने करवट ली और हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं। इससे गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार दिनभर बादल छाए रहने और कई जगह हल्की बारिश की संभावना है।
नेचर बाजार में भीषण आग, 50 दुकानें जलीं
दिल्ली के अंधेरिया मोड़ स्थित नेचर बाजार में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। सुबह 7:37 बजे फायर कंट्रोल रूम को सूचना मिलने के बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि तब तक करीब 50 दुकानें जलकर खाक हो चुकी थीं। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।







