
UPSTF को बड़ी सफलता, ₹50 हजार का इनामी वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UPSTF) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। STF ने गैंगस्टर एक्ट के तहत जनपद गोंडा से ₹50,000 के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आकाश यादव पुत्र इंदल यादव, निवासी डेबरीकला, थाना थानेपुर, जनपद गोंडा के रूप में हुई है।
एसटीएफ के अनुसार आकाश यादव लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी और उसकी सूचना पर ₹50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
गुप्त सूचना के आधार पर STF टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे संबंधित जनपद पुलिस के हवाले कर दिया गया है। UPSTF ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।








