
अमेरिकी सेना ने रूसी झंडे वाले तेल टैंकर से भारतीय क्रू मेंबर्स को किया रिहा
अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला से रवाना हुए रूसी झंडे वाले तेल टैंकर जहाज पर तैनात भारतीय क्रू मेंबर्स को रिहा कर दिया है। अमेरिकी अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है। यह टैंकर पिछले हफ्ते नॉर्थ अटलांटिक के अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में एक अमेरिकी ऑपरेशन के दौरान जब्त किया गया था।
जब्ती के बाद सामने आया था कि जहाज पर तीन भारतीय नागरिक क्रू मेंबर के रूप में कार्यरत थे, जिनमें से एक हिमाचल प्रदेश का निवासी है। इस जहाज का नाम मैरिनेरा बताया गया है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, यह टैंकर तथाकथित “शैडो फ्लीट” का हिस्सा था, जो वेनेजुएला, रूस और ईरान जैसे प्रतिबंधित देशों के लिए तेल परिवहन में शामिल मानी जाती है।
रिपोर्ट के मुताबिक, टैंकर पर कुल 28 क्रू मेंबर्स सवार थे। इनमें भारतीय नागरिकों के अलावा यूक्रेन, रूस और जॉर्जिया के क्रू मेंबर्स भी शामिल थे। जहाज को जब्त किए जाने के बाद अमेरिकी सेना ने सभी क्रू मेंबर्स को हिरासत में ले लिया था।









