
वॉशिंगटन। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के आवास पर हमला किए जाने की खबर से हड़कंप मच गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उपराष्ट्रपति के घर की खिड़कियां तोड़ी गई हैं। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आईं और मौके से एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। हालांकि, अब तक हमले के पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और सीक्रेट सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि घर को बाहरी नुकसान पहुंचाया गया है, लेकिन किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनका परिवार सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, हमले को लेकर सभी संभावित एंगल से जांच की जा रही है। यह स्पष्ट नहीं है कि यह हमला राजनीतिक कारणों से किया गया या इसके पीछे कोई व्यक्तिगत वजह है। पुलिस ने संदिग्ध से पूछताछ शुरू कर दी है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड व मानसिक स्थिति की भी जांच की जा रही है।
अमेरिकी प्रशासन ने इस घटना को गंभीर सुरक्षा चूक मानते हुए जांच तेज कर दी है। व्हाइट हाउस और उपराष्ट्रपति कार्यालय की ओर से फिलहाल कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन कहा गया है कि सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह घटना एक सुनियोजित हमला थी या किसी व्यक्ति की व्यक्तिगत हरकत। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।









