निघासन (खीरी)। बनबसा बैराज से छोड़ा गया शारदा नदी का पानी अब निघासन क्षेत्र के कई गांवों में बाढ़ का खतरा उत्पन्न कर रहा है। इस संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मंगलवार को अपर जिलाधिकारी (एडीएम) नरेंद्र बहादुर सिंह और एसडीएम निघासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने लालबोझी, मदनापुर, दौलतापुर समेत आधा दर्जन गांवों का दौरा किया। ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें सतर्क रहने की अपील की गई। साथ ही प्रशासन द्वारा हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया गया।एडीएम ने ग्रामीणों से कहा कि किसी भी आपात स्थिति में वे तुरंत प्रशासन को सूचित करें और अफवाहों से बचें। उन्होंने संबंधित विभागों को भी निर्देश दिए कि राहत और बचाव कार्यों में कोई कोताही न हो।प्रशासन की यह तत्परता बाढ़ की संभावित स्थिति को लेकर एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है, जिससे ग्रामीणों में भी विश्वास जगा है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया है।








