Written by
28 अक्टूबर को समस्त निकायों पर होगा दीपावली मेला-जिलाधिकारी
सीतापुर –जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुयी, जिसमें दीवाली मेला आयोजन के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की गयी। जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के पत्र दिनांक 13 अक्टूबर 2021 में दिये गये निर्देशों के क्रम में दिनांक 28.10.2021 से दीपावली मेले का आयोजन सभी नगरीय निकायों में किया जायेगा, जिसकी व्यवस्था एवं स्थलों का चयन संबंधित उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी द्वारा किया जायेगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित किये जायें। मेला स्थलों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिये। जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि सभी स्थलों पर स्वास्थ्य विभाग के स्टाल एवं कोविड हेल्पडेस्क स्थापित किये जायें। इसके अतिरिक्त लगाये जाने वाले स्टाल समुचित एवं समरूपता के साथ लगाये जायें। उन्होंने कहा कि पी0एम0 स्वनिधि, पी0एम0 किसान, महिला स्वयं सहायता समूह, कृषि, शिक्षा विभाग आदि विभागों के स्टाल व्यवस्थित रूप से अवश्य लगवाये जायें। इसके अतिरिक्त वर्तमान सरकार की उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के भी समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि मेला आयोजन स्थल पर स्वच्छता का पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित किया जाये। इसके अतिरिक्त शौचालय (महिला एवं पुरूष) का प्रबंध भी सुनिश्चित किया जाये। पेयजल एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का समय से प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिये। जिलाधिकारी ने कहा कि शासनादेश में दिये गये निर्देशों का शतप्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुये समस्त आयोजन कराये जायें। संबंधित अधिकारी समय से सभी प्रबंध पूर्ण कर लें।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी राम भरत तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी डा0 राजीव दीक्षित, नगर मजिस्ट्रेट पूजा मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी मधु गैरोला, समस्त उपजिलाधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।









