
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। पार्टी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को केंद्र में रखते हुए ‘समाजवादी PDA यात्रा’ के जरिए अभियान को आगे बढ़ाने की तैयारी में है। इस अभियान की अगुवाई सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव करेंगे। यात्रा के लिए तैयार किया गया प्रचार रथ भी लखनऊ स्थित सपा कार्यालय पहुंच चुका है।
लाल रंग की लग्जरी बस को प्रचार रथ के रूप में तैयार किया गया है। बस पर ‘सामाजिक न्याय का परचम लहराएगा, PDA ही परिवर्तन लाएगा’ का नारा लिखा गया है। इसके साथ ही ‘समाजवादी PDA यात्रा’ और PDA के तहत पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक का उल्लेख किया गया है।
रथ में 18 महापुरुषों की तस्वीरें
प्रचार रथ को चुनावी सभाओं और रोड शो को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसमें डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित 18 महापुरुषों की तस्वीरें लगाई गई हैं। रथ में लिफ्ट, माइक, लाउडस्पीकर और सभा को संबोधित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी मौजूद हैं। सपा के इस रथ में 2022 के मुकाबले प्रचार सामग्री में कुछ बदलाव किए गए हैं।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, सपा अगले चरण में चुनावी गतिविधियों को और तेज करेगी। अभियान की शुरुआत पश्चिमी उत्तर प्रदेश से किए जाने की संभावना बताई जा रही है। हालांकि, यात्रा का विस्तृत कार्यक्रम अभी सामने नहीं आया है।
संगठन में भी बदलाव, सात जिलों में नए जिलाध्यक्ष
विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी संगठन को भी मजबूत करने में जुटी है। पार्टी ने सात जिलों में जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की है। बलिया में सुनील कुमार मौर्य, बांदा में उमेश मोहल्ला, अयोध्या में जय सिंह, पीलीभीत में धर्मेश गंगवार, गौतमबुद्ध नगर में इन्दर प्रधान (इन्द्रजीत भाटी) और उन्नाव में जयचन्द्र विमल को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं मीरजापुर में अशोक यादव को कार्यवाहक जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।






