
‘नमस्ते पेरू’ मेले में उमड़ा जनसैलाब, भारतीय संस्कृति की झलक से मंत्रमुग्ध हुए लोग
लीमा। पेरू की राजधानी लीमा में भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित ‘नमस्ते पेरू’ सांस्कृतिक एवं व्यापारिक मेले में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस भव्य आयोजन में भारतीय मूल के नागरिकों के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
चैरिटी फेयर के रूप में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य भारत की समृद्ध संस्कृति को बढ़ावा देना और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना रहा। भारतीय दूतावास के अनुसार, मेले में 33,600 से अधिक लोगों की भागीदारी दर्ज की गई।
मेले में “मेरे सपनों का भारत” थीम पर आधारित 15 दिवसीय कला प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें देशभर के स्कूली छात्रों की चुनी गई कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया। इसके अलावा भारतीय पर्यटन स्थलों की झलक भी प्रस्तुत की गई।
आयोजन में रक्षा प्रदर्शनी ने भी लोगों का ध्यान खींचा, जहां तेजस लड़ाकू विमान सहित आधुनिक भारतीय रक्षा तकनीक और उन्नत हेलीकॉप्टरों का प्रदर्शन किया गया।
सामुदायिक सहयोग को बढ़ावा देते हुए कार्यक्रम में आगंतुकों को स्वयंसेवी अग्निशामकों के लिए प्राथमिक उपचार सामग्री और स्वच्छता से जुड़े उत्पाद दान करने के लिए प्रेरित किया गया। मेले से प्राप्त समस्त आय जनरल कॉर्प्स ऑफ़ वॉलंटियर फायरफाइटर्स को दान की गई।
यह आयोजन केनेडी पार्क में हुआ, जहां पूरे दिन रंग-बिरंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम, भारतीय व्यंजन और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने लोगों को आकर्षित किया। वहीं म्युनिसिपल पैलेस को भारत और पेरू के झंडों के रंगों से सजाया गया, जो दोनों देशों की मित्रता का प्रतीक बना।
इस मौके पर भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पहल एक ज़िला एक उत्पाद (ODOP) के तहत विभिन्न राज्यों के विशिष्ट उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।
भारतीय दूतावास द्वारा इस तरह के आयोजनों के माध्यम से न केवल सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सहयोग सुनिश्चित किया जा रहा है। ‘नमस्ते पेरू’ मेला इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

‘नमस्ते पेरू’ मेले में उमड़ा जनसैलाब, भारतीय संस्कृति की झलक से मंत्रमुग्ध हुए लोग">








