
स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ राष्ट्र की नींव – डॉ. राजेश्वर सिंह
मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला, बढ़ती NCDs पर जताई चिंता
सरोजनीनगर बन रहा उत्तर प्रदेश की “स्वास्थ्य राजधानी”
लखनऊ: सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल द्वारा हेल्थ केयर ट्रस्ट के सहयोग से ‘पॉजिटिव थिंकिंग, हेल्दी लाइफ’ विषय पर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “एक स्वस्थ राष्ट्र की शुरुआत स्वस्थ नागरिकों से होती है। विकसित और सशक्त भारत के निर्माण के लिए स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी।”
बढ़ती गैर-संचारी बीमारियों (NCDs) पर चिंता

डॉ. सिंह ने गैर-संचारी रोगों (NCDs) में हो रही वृद्धि पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि प्रतिष्ठित चिकित्सा पत्रिका The Lancet की रिपोर्ट के अनुसार 1990 में जहां इन बीमारियों का अनुपात 37% था, वहीं आज यह 60% से अधिक हो चुका है।
मधुमेह के मामलों में लगभग 150% वृद्धि
हृदय रोग से होने वाली आधे से अधिक मृत्यु 70 वर्ष से पहले
उन्होंने आगे कहा कि World Economic Forum के अनुसार 2012 से 2030 के बीच भारत को NCDs के कारण लगभग 3.55 ट्रिलियन डॉलर का आर्थिक नुकसान हो सकता है। वहीं World Health Organization के अनुसार ये बीमारियां उत्पादकता में कमी, उपचार खर्च में वृद्धि और दीर्घकालिक विकलांगता जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न करती हैं।
सरोजनीनगर बन रहा “स्वास्थ्य राजधानी”
डॉ. सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का तीव्र विस्तार हो रहा है। यहां
संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान
लोकबंधु राज नारायण संयुक्त चिकित्सालय
अपोलो हॉस्पिटल्स
मेदांता – द मेडिसिटी
जैसे प्रमुख संस्थान मौजूद हैं। साथ ही वृंदावन योजना में निर्माणाधीन 900 बेड का नया मैक्स अस्पताल क्षेत्र को उत्तर प्रदेश की “स्वास्थ्य राजधानी” के रूप में स्थापित कर रहा है।
जीवनशैली में बदलाव ही असली समाधान
डॉ. सिंह ने जोर देते हुए कहा कि बड़े अस्पतालों का निर्माण महत्वपूर्ण है, लेकिन वास्तविक परिवर्तन नागरिकों की जीवनशैली में सुधार से आएगा।
नियमित व्यायाम
संतुलित आहार
सकारात्मक सोच
समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण
इन्हीं उपायों से गैर-संचारी रोगों की रोकथाम संभव है।
कार्यक्रम में मैक्स लखनऊ के निदेशक प्रमित मिश्रा, हेल्थ केयर ट्रस्ट के अध्यक्ष सरित सिंह, डॉ. देबज्योति धर, डॉ. प्रीति शर्मा, आशीष शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में डॉ. राजेश्वर सिंह ने आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया।








