
हिमाचल में कोहरा-शीतलहर का कहर, 11 शहरों में माइनस तापमान
हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में कोहरे और शीतलहर का डबल अटैक जारी है। राज्य के ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी और चंबा जिलों में रात और सुबह के समय शीतलहर का असर महसूस किया जा रहा है। इससे सुबह-शाम और रात में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
मौसम विभाग ने इन जिलों में कोल्ड वेव को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं मैदानी इलाकों में घने कोहरे की भी चेतावनी दी गई है। कोहरे और शीतलहर के चलते रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।
राज्य के 11 शहरों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है, जबकि 14 स्थानों पर पारा 5 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज किया गया है। कई इलाकों में ठंड के कारण चलता पानी तक जमने लगा है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक हफ्ते तक प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है, जिससे ठंड का प्रकोप और बढ़ सकता है।








