
मरीजों के इलाज में लापरवाही न हो, आयुष्मान अस्पतालों को 30 दिन में भुगतान: योगी सरकार
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत इलाज कराने वाले मरीजों के लिए कैशलेस उपचार सुनिश्चित, पिछले एक वर्ष में क्लेम पेंडेंसी में 7 लाख से अधिक कमी।
लखनऊ, 8 जनवरी: योगी सरकार गरीब और जरूरतमंदों को बेहतर, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत इलाज कराने वाले परिवारों को कैशलेस उपचार के साथ-साथ समय पर अस्पतालों को भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है।
स्टेट एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (साचीज) की सीईओ अर्चना वर्मा ने बताया कि जनवरी-25 में क्लेम पेंडेंसी 10 लाख 75 हजार थी, जो दिसंबर-25 तक घटकर 3 लाख रह गई। प्रति माह औसतन 2 लाख से अधिक क्लेम प्राप्त होने के बावजूद नए और पुराने मामलों का समयबद्ध निस्तारण किया जा रहा है।
सीएम योगी के निर्देश पर मेडिकल ऑडिट व्यवस्था को मजबूत किया गया है। मेडिकल ऑडिटरों की संख्या 40 से बढ़ाकर 130 की गई और क्लेम प्रोसेसिंग डेस्क (CPD) 100 से बढ़ाकर 125 कर दी गई है। इसके परिणामस्वरूप अस्पतालों को अब 30 दिन में भुगतान किया जा रहा है।
सीईओ अर्चना वर्मा ने बताया कि पिछले एक वर्ष में योजना के तहत कुल 4,649 करोड़ रुपये का भुगतान अस्पतालों को किया गया। इससे अस्पतालों का विश्वास बढ़ा है और गरीब मरीजों को बिना किसी आर्थिक बोझ के बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं।








