
लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने मंगलवार को राजस्व विभाग में 7994 लेखपाल पदों पर भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया। यह भर्ती प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2025) के स्कोर के आधार पर की जाएगी। नए साल से पहले यह घोषणा सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी राहत लेकर आई है।
आयोग के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन 29 दिसंबर 2025 से शुरू होंगे और 28 जनवरी 2026 तक जमा किए जा सकेंगे। फॉर्म में संशोधन की अंतिम तिथि 4 फरवरी 2026 है। आवेदन शुल्क सभी श्रेणियों के लिए मात्र 25 रुपये रखा गया है। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर आवेदन कर सकेंगे।
केवल वे उम्मीदवार पात्र होंगे जिन्होंने PET-2025 परीक्षा उत्तीर्ण की हो। पदों का वर्गवार बंटवारा इस प्रकार है: अनारक्षित-4165, अनुसूचित जाति-1446, अनुसूचित जनजाति-150, अन्य पिछड़ा वर्ग-1441 और ईडब्ल्यूएस-792। आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसमें आरक्षित वर्गों को नियमों के अनुसार छूट मिलेगी।
शैक्षणिक योग्यता के लिए इंटरमीडिएट (12वीं) पास होना अनिवार्य है। अधिमानी योग्यता में प्रादेशिक सेना में दो वर्ष की सेवा या एनसीसी ‘बी’ सर्टिफिकेट को प्राथमिकता दी जाएगी। चयन प्रक्रिया में 100 अंकों की लिखित परीक्षा होगी, जिसमें 100 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे। परीक्षा अवधि दो घंटे होगी और गलत उत्तर पर 0.25 अंकों की नेगेटिव मार्किंग होगी।









