
बीजेपी ने शुक्रवार को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए अपने 27 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में राज्य के विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों से कई प्रमुख नेताओं को टिकट दिया गया है, जिनमें 5 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं।
प्रमुख उम्मीदवारों में तमिलिसाई सौंदराजन का नाम शामिल है, जिन्हें मायलापुर सीट से मैदान में उतारा गया है। वहीं, पार्टी के राज्य अध्यक्ष नैनार नागेन्द्रन को सत्तूर से टिकट दिया गया है। इसके अलावा, वनथी श्रीनिवासन को कोयंबटूर नॉर्थ और केंद्रीय राज्य मंत्री लोगनाथन मुरुगन को अविनाशी (आरक्षित) सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।
हालांकि, काफी समय से चर्चा में रहे पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई का नाम इस सूची में शामिल नहीं किया गया है, जिससे राजनीतिक हलकों में अटकलें तेज हो गई हैं।
तमिलनाडु में भाजपा, AIADMK के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। एनडीए के अन्य सहयोगियों में पीएमके, तमिल मनीला कांग्रेस और एएमएमके शामिल हैं। इस बार मुकाबला मुख्य रूप से एनडीए और DMK के बीच माना जा रहा है।
इधर, पीएम मोदी भी चुनाव प्रचार में सक्रिय भूमिका निभाएंगे और चेन्नई में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि 4 मई को नतीजे घोषित किए जाएंगे।






