
धरती पर किसी को न्यायपालिका को बदनाम करने की इजाजत नहीं दूंगा – CJI की सख्त टिप्पणी
नई दिल्ली। NCERT की एक किताब में न्यायपालिका में कथित भ्रष्टाचार से जुड़े अध्याय को लेकर देश के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने कड़ी नाराज़गी जताई है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी को भी न्यायपालिका को बदनाम करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सीजेआई ने कहा कि वे इस मसले पर स्वतः संज्ञान (सुओ मोटो) ले रहे हैं और मामले की गंभीरता से समीक्षा की जाएगी। उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा, “धरती पर किसी को भी न्यायपालिका को बदनाम करने की इजाजत नहीं दूंगा।”
प्रधान न्यायाधीश ने यह भी संकेत दिया कि किताब में शामिल सामग्री एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा प्रतीत होती है। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका देश के लोकतांत्रिक ढांचे का महत्वपूर्ण स्तंभ है और उसकी साख पर आंच नहीं आने दी जाएगी।
मामले को लेकर कानूनी और शैक्षणिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। अब सबकी नजर इस पर है कि आगे इस विषय में क्या कदम उठाए जाते हैं।








