
सुल्तानपुर जनपद न्यायालय पहुंचे सांसद व नेता विपक्ष राहुल गांधी, कड़ी सुरक्षा में दर्ज कराया बयान
हाई अलर्ट पर जिला पुलिस, कई थानों का भारी पुलिस बल तैनात; छावनी में तब्दील हुआ कोर्ट परिसर
सुल्तानपुर। राहुल गांधी के सुल्तानपुर आगमन से जनपद न्यायालय परिसर में हलचल तेज हो गई। कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता विपक्ष अपने बयान दर्ज कराने निर्धारित समय पर अदालत पहुंचे।
उनके दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। न्यायालय परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया और जिले की पुलिस हाई अलर्ट पर रही। कई थानों की फोर्स के साथ भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत कोर्ट परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की गई। बैरिकेडिंग के साथ-साथ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में पूरे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था संभाली गई।
राहुल गांधी ने विधिक प्रक्रिया के तहत अपना बयान दर्ज कराया। उनके आगमन को लेकर जिले में राजनीतिक सरगर्मी भी तेज रही और समर्थकों की आवाजाही देखी गई।









