
मुख्यमंत्री योगी का एलान- काशी की तर्ज पर बनेगा लोधेश्वर महादेवा कॉरिडोर, बाराबंकी को मिलेगी नई पहचान
बाराबंकी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले को बड़ी सौगात देते हुए लोधेश्वर महादेवा धाम को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित करने की घोषणा की है। इस ऐतिहासिक फैसले से बाराबंकी को धार्मिक और पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोधेश्वर महादेवा धाम श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है और इसके समग्र विकास से न सिर्फ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर भी पैदा होंगे। प्रस्तावित कॉरिडोर में मंदिर परिसर का विस्तार, सौंदर्यीकरण, यात्री सुविधाएं, पार्किंग, धर्मशाला और सुगम यातायात व्यवस्था विकसित की जाएगी।
योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में परंपरा, आस्था और आधुनिक सुविधाओं का संतुलन रखा जाए। उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तरह यह परियोजना भी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए क्षेत्र के विकास का नया अध्याय लिखेगी। इससे बाराबंकी को प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।







