
लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस की बड़ी कार्रवाई, विकास नगर में दो गांजा तस्कर गिरफ्तार
लखनऊ कमिश्नरेट के तहत काम कर रही थाना विकास नगर पुलिस को नशे के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना विकास नगर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए लगभग 1 किलो गांजे के साथ दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई तेज-तर्रार सब्जी मंडी चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह और उनकी टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार विकास नगर क्षेत्र में गांजे की अवैध बिक्री को लेकर पिछले कई दिनों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर जियाउद्दीन और सुहेल नामक युवकों को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी क्षेत्र में लंबे समय से गांजे का कारोबार कर रहे थे।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक जियाउद्दीन पर लखनऊ और सीतापुर में पहले से 28 मुकदमे दर्ज हैं। कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि नशा कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।








