
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में मत्स्य विभाग के मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए में सीट बंटवारे के मुद्दे पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उनकी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बातचीत हुई है।
संजय निषाद ने बताया कि उन्होंने गृह मंत्री से सीटों के बंटवारे पर जल्द चर्चा करने का आग्रह किया था, लेकिन उन्हें जवाब मिला कि उचित समय आने पर इस विषय पर विस्तार से बातचीत की जाएगी। उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी एनडीए का मजबूत सहयोगी दल है और आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन पहले से अधिक मजबूती के साथ मैदान में उतरेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की सराहना करते हुए संजय निषाद ने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछड़े वर्गों, वंचित समाज और विशेष रूप से मछुआरा समुदाय के हित में ऐतिहासिक फैसले लिए हैं।
उन्होंने कहा कि मछुआरा समाज की समस्याओं के समाधान के लिए अलग विभाग का गठन किया गया, जिससे समाज को नई पहचान और अधिकार मिले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हाथी, पंजा और साइकिल की राजनीति करने वाले दलों को वर्षों तक सत्ता मिली, लेकिन उन्होंने निषाद और मछुआरा समाज के उत्थान के लिए कोई ठोस कार्य नहीं किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाज को आगे बढ़ाने का काम किया है।
पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) को लेकर पूछे गए सवाल पर संजय निषाद ने सीधा जवाब देने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी किसी की राजनीति का जवाब देने के बजाय अपनी अलग पहचान और विकास की राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि उनके पास वैश्विक सोच वाले नेता हैं और जनता विकास के मुद्दों पर उनके साथ खड़ी है। वहीं प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में धर्मांतरण रोकने के लिए विशेष सेल बनाए जाने के प्रस्ताव का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि यह एक अच्छा और आवश्यक कदम है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि धर्मांतरण को रोकने के लिए सख्त कानून बनाया जाना चाहिए और वह ऐसे किसी भी प्रयास के समर्थन में हैं








