
नई दिल्ली: दुनिया की सबसे लोकप्रिय टी20 क्रिकेट लीग इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 को लेकर क्रिकेट प्रेमियों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है। आधिकारिक प्रसारक स्टार स्पोर्ट्स ने टी20 विश्व कप के फाइनल के दौरान घोषणा की कि आईपीएल का अगला सीजन 28 मार्च 2026 से शुरू होगा। हालांकि, अभी तक टूर्नामेंट का पूरा कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है।
सूत्रों के अनुसार कार्यक्रम जारी होने में देरी की मुख्य वजह पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव हैं। जिन राज्यों में आईपीएल के मैच आयोजित होते हैं, उनमें से कुछ में चुनाव होने की संभावना है। इनमें असम, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु शामिल हैं। इन राज्यों में चुनाव की तारीखों की घोषणा अभी नहीं हुई है, जिसके कारण सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए आईपीएल का शेड्यूल तय करने में देरी हो रही है।
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में कोलकाता नाइट राइडर्स का घरेलू मैदान है, जबकि चेन्नई में चेन्नई सुपर किंग्स के मुकाबले खेले जाते हैं। वहीं गुवाहाटी को राजस्थान रॉयल्स का दूसरा घरेलू मैदान बनाया गया है।
ऐसे में चुनाव कार्यक्रम और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई द्वारा अंतिम कार्यक्रम तय किया जाएगा। प्रसारणकर्ता द्वारा तारीख घोषित किए जाने के बाद अब क्रिकेट प्रशंसकों को आधिकारिक शेड्यूल जारी होने का इंतजार है। माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में आईपीएल 2026 का पूरा कार्यक्रम सामने आ सकता है।







