
उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग राज्य आयोग की बैठक सम्पन्न, ओबीसी योजनाओं व आरक्षण पर गहन समीक्षा
लखनऊ: उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग राज्य आयोग की बैठक शुक्रवार को आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में उपाध्यक्ष सोहन लाल श्रीमाली सहित आयोग के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के उत्थान और विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित ओबीसी कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक प्रभावी और पारदर्शी ढंग से पहुंचे।
आयोग ने नियुक्तियों और शैक्षणिक संस्थानों में ओबीसी आरक्षण से संबंधित प्राप्त शिकायतों पर भी विचार किया। साथ ही, जातियों के सम्मिलन एवं निष्कासन से जुड़े प्रत्यावेदनों की भी समीक्षा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि यह सुनिश्चित करने के लिए जनपदवार समीक्षा कराई जाएगी कि प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं। इसके लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
आयोग ने स्पष्ट किया कि ओबीसी वर्ग के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और आयोग इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।









