
लंदन में मृत महिला के दान किए गए गर्भाशय से जन्मा बच्चा
लंदन। चिकित्सा विज्ञान ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। लंदन में डॉक्टरों ने पहली बार एक मृत महिला द्वारा दान किए गए गर्भाशय के सफल प्रत्यारोपण के बाद एक स्वस्थ बच्चे का जन्म कराने में सफलता हासिल की है। इसे ब्रिटेन के चिकित्सा इतिहास की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
विशेषज्ञों की टीम ने मृत डोनर से प्राप्त गर्भाशय का प्रत्यारोपण कर जटिल सर्जरी को अंजाम दिया। लंबे इलाज और निगरानी के बाद अंततः एक स्वस्थ शिशु का जन्म हुआ।
यह उपलब्धि 30 वर्षीय ग्रेस बेल के जीवन में नई खुशियां लेकर आई है। ग्रेस को महज 16 वर्ष की उम्र में डॉक्टरों ने बता दिया था कि वह कभी मां नहीं बन सकेंगी। लेकिन आधुनिक चिकित्सा तकनीक और विशेषज्ञों की मेहनत ने उनकी उम्मीद को हकीकत में बदल दिया।
डॉक्टरों का कहना है कि यह सफलता उन हजारों महिलाओं के लिए नई आशा लेकर आई है, जो जन्मजात कारणों या बीमारी की वजह से मां नहीं बन पातीं। विशेषज्ञों के अनुसार, भविष्य में इस तकनीक से और भी महिलाओं को मातृत्व का सुख मिल सकेगा।








