
विधान परिषद में योगी आदित्यनाथ का बड़ा बयान
लखनऊ: विधान परिषद में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार की पिछले 8-9 वर्षों की उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि राज्यपाल का अभिभाषण सरकार के विकास कार्यों और नीतिगत बदलावों का प्रतिबिंब है।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने “कर्फ्यू से कानून, उपद्रव से उत्सव, समस्या से समाधान और अविश्वास से आत्मविश्वास” की दिशा में परिवर्तन देखा है। उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार की स्पष्ट नीति, साफ नीयत और सुशासन की प्रतिबद्धता के चलते प्रदेश “बीमारू” छवि से निकलकर “ब्रेकथ्रू स्टेट” के रूप में उभरा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नई तकनीकी क्रांति की ओर बढ़ रहा है और इसी क्रम में दिल्ली में दुनिया का सबसे बड़ा एआई समिट आयोजित हो रहा है।
सीएम ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश “ट्रस्ट, टेक्नोलॉजी एंड ट्रांसफॉर्मेशन” यानी ट्रिपल-टी की त्रिवेणी बन चुका है, जो प्रदेश को विकास और नवाचार के नए आयाम दे रही है।









