
लखनऊ में दो दिवसीय कौशल विकास कार्यशाला आज से, 7 राज्यों के प्रतिनिधि करेंगे मंथन
DDU-GKY 2.0 और RSETI 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन पर बनेगी रणनीति
लखनऊ, भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के मार्गदर्शन में ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उत्तर प्रदेश में अहम पहल की जा रही है। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन द्वारा 16 एवं 17 फरवरी 2026 को गोमती नगर स्थित Hotel Centrum में दो दिवसीय क्षेत्रीय कार्यशाला-सह-प्री-ईसी बैठक आयोजित की जाएगी।
इस कार्यशाला में उत्तर प्रदेश के साथ-साथ लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, बिहार और झारखंड के अधिकारी प्रतिभाग करेंगे।
प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना (DDU-GKY 2.0) और RSETI (RSETI 2.0) के आगामी चरण को प्रभावी ढंग से लागू करने की रणनीति तैयार करना है। वर्ष 2026 की वार्षिक कार्ययोजना (AAP) पर चर्चा करते हुए प्रशिक्षण लक्ष्यों का निर्धारण किया जाएगा और ग्रामीण युवाओं को प्रशिक्षण उपरांत रोजगार से जोड़ने के बेहतर मॉडल पर विचार-विमर्श होगा।
बैठक की अध्यक्षता ग्रामीण विकास मंत्रालय के संयुक्त सचिव (कौशल) करेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के एसआरएलएम व एसएसडीएम के प्रबंध निदेशक, बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े आरसेटीआई लीड बैंक प्रतिनिधि तथा एनएआर, एनएसीईआर और एनआईसी के विशेषज्ञ भी शामिल होंगे।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को कौशल, रोजगार और उद्यमशीलता से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। यह कार्यशाला राज्यों के बीच समन्वय मजबूत करने और ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगारोन्मुख अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।








