
प्रतापगढ़ में प्रदेश की पहली महिला यूनिवर्सिटी का शिलान्यास 22 फरवरी को
प्रतापगढ़ जनपद के लिए गर्व का क्षण आने वाला है। शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक पहल के तहत प्रदेश की पहली महिला यूनिवर्सिटी की नींव रखी जाएगी। आगामी 22 फरवरी को सतीश महाना, अध्यक्ष उत्तर प्रदेश विधानसभा, इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास करेंगे।
नगर पंचायत गड़वारा के राजापुर कला वार्ड में प्रस्तावित यह महिला विश्वविद्यालय जनपद में उच्च शिक्षा के नए आयाम स्थापित करेगा। माना जा रहा है कि इसके शुरू होने से क्षेत्र की बेटियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे और जनपद का शैक्षिक गौरव बढ़ेगा।
इस पहल के पीछे साकेत गर्ल्स कॉलेज के प्रबंधक अरविंद श्रीवास्तव की शिक्षा क्षेत्र में क्रांतिकारी सोच और समाजसेवी अंजनी सिंह की दूरदृष्टि को प्रमुख माना जा रहा है। दोनों के प्रयासों से यह बहुप्रतीक्षित सपना साकार होने की दिशा में अग्रसर है।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर WOW एजुकेशन सेंटर, चौरा में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में अरविंद श्रीवास्तव, अंजनी सिंह, भाजपा अंतू मंडल अध्यक्ष राजाराम वैश्य, समाजसेवी आशुतोष त्रिपाठी (मोनू), सभासद बृजेश सिंह, विनोद त्रिपाठी, छोटन सिंह, राजा पांडे, अभिषेक मिश्रा सहित कई गणमान्य लोगों ने भाग लिया और आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा की।
महिला विश्वविद्यालय की स्थापना को जनपद में शिक्षा क्रांति की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।








