
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को असम दौरे पर पहुंचे और गुवाहाटी में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक देश को असुरक्षित रखा और सेना के लिए हथियार खरीद में घोटाले किए। मोदी ने कहा कि कांग्रेस शासन में रक्षा सौदों का मतलब “हजारों करोड़ का घोटाला” होता था, जबकि उनकी सरकार ने पारदर्शिता और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता दी है।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि आज की कांग्रेस उन लोगों और विचारों का साथ दे रही है जो देश के खिलाफ सोचते हैं। उनके मुताबिक, जो लोग देश को तोड़ने की बात करते हैं या ऐसे नारे लगाते हैं, वे कांग्रेस के लिए सम्मानित बन गए हैं। मोदी ने इसे राष्ट्रीय एकता और सुरक्षा के लिए खतरा बताया।
पीएम मोदी सबसे पहले चाबुआ एयरफील्ड पहुंचे, जहां से वे भारतीय वायुसेना के C-130 विमान से डिब्रूगढ़ गए। विमान ने मोरन बाइपास पर बनी इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ELF) पर लैंडिंग की। इस तरह हाईवे पर बने इस विशेष एयरस्ट्रिप पर उतरने वाले वे देश के पहले प्रधानमंत्री बन गए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जब वे मोरन हाईवे पर उतरे तो “नया इतिहास” बन गया। उन्होंने याद दिलाया कि कभी नॉर्थ ईस्ट का नाम सुनते ही लोगों को टूटी सड़कों और लंबी यात्रा की चिंता होती थी, लेकिन आज यहां हाईवे पर हवाई जहाज भी उतर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस के शासनकाल में असम को टैक्स हिस्सेदारी के रूप में केवल 10 हजार करोड़ रुपये मिलते थे, जबकि भाजपा सरकार में यह राशि पांच गुना बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में विकास के कई बड़े प्रोजेक्ट पूरे हुए हैं। ब्रह्मपुत्र पर 5 बड़े पुल बनाए गए, जबकि कांग्रेस की 70 साल की सत्ता में केवल 3 पुल बने। उन्होंने इसे विकास की गति और प्राथमिकताओं का अंतर बताया।
मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में जब भी कोई नई शुरुआत हुई, उसका फायदा नॉर्थ ईस्ट को मिला। वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत से असम देश के अन्य हिस्सों से बेहतर तरीके से जुड़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि स्लीपर वंदे भारत की शुरुआत भी असम से हुई, जो क्षेत्र की प्राथमिकता को दर्शाती है।
प्रधानमंत्री ने असम में केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि यहां लाखों परिवारों के लिए घर बने, शौचालय बने और पीने का पानी घर तक पहुंचा। उन्होंने इसका श्रेय भाजपा के बूथ कार्यकर्ताओं को दिया और कहा कि जनता का आशीर्वाद ही विकास का आधार है।
उल्लेखनीय है कि इस साल असम में विधानसभा चुनाव होने हैं। राज्य में 2016 से लगातार दो बार एनडीए की सरकार बनी है, जबकि 2001 से 2016 तक यहां कांग्रेस की सरकार थी। पीएम मोदी का यह पिछले तीन महीनों में तीसरा असम दौरा है, जिसे चुनावी दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।








