
दिल्ली में ‘लाडली योजना’ बंद, 1 अप्रैल से ‘लखपति बिटिया’ योजना की शुरुआत
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने राज्य में चल रही ‘लाडली योजना’ को 31 मार्च तक बंद करने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जानकारी दी कि 1 अप्रैल से इसकी जगह नई और अधिक लाभकारी ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ शुरू की जाएगी। सरकार का दावा है कि इस नई योजना के तहत बेटियों को पहले से कहीं ज्यादा आर्थिक सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडली योजना अपने उद्देश्य की पूर्ति कर चुकी है, लेकिन समय के साथ महंगाई और जरूरतों को देखते हुए इसे और प्रभावी बनाने की जरूरत थी। इसी को ध्यान में रखते हुए लखपति बिटिया योजना लाई जा रही है, ताकि बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य की आर्थिक सुरक्षा मजबूत हो सके।
नई योजना के तहत किस उम्र में और किन शर्तों पर सहायता दी जाएगी, इसका विस्तृत खाका जल्द जारी किया जाएगा। सरकार का कहना है कि इस कदम से दिल्ली की बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने में बड़ी मदद मिलेगी।







