
गाजियाबाद में ट्रिपल सुसाइड केस: ऑनलाइन गेम कनेक्शन की अफवाह खारिज
गाजियाबाद। शहर में हाल ही में सामने आए ट्रिपल सुसाइड मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शुरुआती दौर में इस घटना को ऑनलाइन गेम या कथित “कोरियन लव गेम” से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन अब पुलिस ने इसे पूरी तरह खारिज कर दिया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि तीनों नाबालिग बहनों की मौत किसी गेम की वजह से नहीं हुई। मोबाइल फोन और डिजिटल दुनिया से दूरी के कारण पैदा मानसिक दबाव इस मामले की असली वजह लगती है।
घटनास्थल से पुलिस ने आठ पन्नों की डायरी बरामद की है, जिसे केस की सबसे अहम कड़ी माना जा रहा है। डायरी में बच्चियों ने अपनी भावनाओं और परेशानियों को विस्तार से लिखा है। इसमें कोरियन कल्चर, K-POP, कोरियन म्यूजिक, कोरियन मूवीज और सीरीज का कई बार उल्लेख है। एक जगह उन्होंने अंग्रेजी में लिखा – WE LOVE KOREAN CULTURE.
पुलिस के अनुसार, यह केवल पसंद या शौक नहीं था, बल्कि धीरे-धीरे एक मानसिक निर्भरता बन गया था। परिवार ने कुछ समय पहले मोबाइल पर रोक लगा दी थी। डायरी में बच्चियों ने खुद को अकेला और निराश महसूस करने का जिक्र किया है। उनका कहना था कि मोबाइल बंद होने से उनका पूरा भावनात्मक सहारा टूट गया।
जांच में यह भी सामने आया कि तीनों बच्चियां कोरोना काल के बाद स्कूल नहीं जा रही थीं। पढ़ाई में कमजोरी और परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण उनकी सामाजिक दुनिया घर और मोबाइल तक सीमित हो गई। पड़ोसियों ने भी बताया कि बच्चियां अक्सर अपने कमरे में ही रहती थीं और बाहर कम निकलती थीं।
पुलिस अधिकारी ने कहा, यह कोई गेम का मामला नहीं है। यह मानसिक निर्भरता और अकेलेपन का मामला है। बच्चियां खुद को पूरी तरह अलग और अकेला महसूस कर रही थीं।







