
युमनाम खेमचंद सिंह मणिपुर के 13वें मुख्यमंत्री चुनें गए, राष्ट्रपति शासन के खत्म होने से पहले सरकार गठन का रास्ता साफ
इंफाल। मणिपुर में राष्ट्रपति शासन के अंत से पहले भाजपा ने नई सरकार बनाने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। मंगलवार को भाजपा विधायक दल की बैठक में युमनाम खेमचंद सिंह को मणिपुर का 13वां मुख्यमंत्री चुना गया। अब वह राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। सूत्रों के अनुसार, बुधवार को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होने की संभावना है।
भाजपा सूत्रों ने बताया कि कुकी-जो समुदाय को संतुष्ट करने के लिए 10 कुकी विधायकों में से एक को डिप्टी मुख्यमंत्री का पद दिया जा सकता है। विधायक दल का नेता चुनने के लिए नियुक्त केंद्रीय पर्यवेक्षक तरुण चुग, संबित पात्रा और मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री बीरेन सिंह भी बैठक में मौजूद रहे।
मणिपुर से NDA के करीब 20 विधायक रविवार रात को दिल्ली पहुंचे थे, जबकि अन्य सोमवार को केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर राजधानी आए। 9 फरवरी 2025 को तत्कालीन मुख्यमंत्री बीरेन सिंह के इस्तीफे के चार दिन बाद 13 फरवरी 2025 से राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू किया गया था। अब 12 फरवरी 2026 को राष्ट्रपति शासन समाप्त होने जा रहा है।
युमनाम खेमचंद सिंह पारंपरिक ताइक्वांडो में 5th डैन ब्लैक बेल्ट धारक भी हैं। उन्हें 30 दिसंबर 2025 को दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में ग्लोबल ट्रेडिशनल ताइक्वांडो फेडरेशन (GTTF) के कार्यालय में इसका प्रमाणपत्र मिला।
मणिपुर में मैतेई और कुकी समुदायों के बीच हिंसा मई 2023 से जारी है। इस संघर्ष में अब तक लगभग 260 लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग विस्थापित हुए हैं। लंबे समय तक हिंसा को रोकने में विफल रहने के बाद भाजपा सरकार ने 9 फरवरी 2025 को इस्तीफा दिया था। उसके बाद 60 सदस्यीय विधानसभा को निलंबित कर दिया गया था।
वर्तमान में मणिपुर विधानसभा में भाजपा के 37 विधायक हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को 32 सीटें मिली थीं, जबकि JD(U) के पांच विधायक बाद में भाजपा में शामिल हुए। अन्य दलों में NPF के पांच, कांग्रेस के पांच, KPA के दो, JD(U) का एक और तीन निर्दलीय विधायक हैं। एक सीट विधायक के निधन के कारण खाली है।








