
भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों में सुधार के संकेत, टैरिफ घटकर 18%
अमेरिका ने भारत के लिए पारस्परिक टैरिफ को 25 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया है। इस फैसले की जानकारी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी। ट्रंप ने बताया कि उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की, जिसे उन्होंने “सम्मान की बात” बताया।
ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को अपना “सबसे करीबी दोस्त” बताते हुए उन्हें भारत का एक “शक्तिशाली और सम्मानित नेता” कहा। उन्होंने लिखा कि बातचीत के दौरान व्यापार, वैश्विक मुद्दों और रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि भारत ने रूस से तेल की खरीद बंद कर दी है और अमेरिका तथा संभवतः वेनेजुएला से अधिक तेल खरीदने पर सहमति जताई है।
अमेरिकी राष्ट्रपति के अनुसार, यह कदम यूक्रेन में जारी युद्ध को समाप्त करने में मददगार साबित होगा, जिसमें हर सप्ताह हजारों लोगों की जान जा रही है। ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के अनुरोध और उनके प्रति मित्रता व सम्मान के कारण अमेरिका ने भारत के साथ एक व्यापार समझौते पर तत्काल प्रभाव से सहमति जताई है।
इस समझौते के तहत अमेरिका ने पारस्परिक शुल्क को 25 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया है। वहीं, भारत ने भी अमेरिका के खिलाफ अपने शुल्क और गैर-शुल्क बाधाओं को शून्य करने की दिशा में आगे बढ़ने की प्रतिबद्धता जताई है। ट्रंप के अनुसार, भारत ने 500 अरब डॉलर से अधिक के अमेरिकी ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और अन्य उत्पाद खरीदने का भी आश्वासन दिया है। ट्रंप ने कहा कि भारत के साथ अमेरिका के संबंध भविष्य में और मजबूत होंगे।








