
संसद के बजट सत्र को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। सरकार द्वारा स्वीकृत प्रस्ताव के अनुसार संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से 2 अप्रैल 2026 तक दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा की है।
प्रस्ताव के मुताबिक बजट सत्र का पहला चरण 28 जनवरी से शुरू होकर 13 फरवरी तक चलेगा। इसके बाद सत्र को कुछ दिनों के लिए स्थगित किया जाएगा और दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू होकर 2 अप्रैल को समाप्त होगा। इस दौरान बजट और उससे जुड़े महत्वपूर्ण विधायी कार्यों पर चर्चा की जाएगी।
हालांकि आम बजट पेश किए जाने की तारीख को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। परंपरा के अनुसार बीते कई वर्षों से आम बजट 1 फरवरी को ही पेश किया जाता रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स में भी इस बात की संभावना जताई जा रही है कि इस बार भी बजट 1 फरवरी को पेश किया जा सकता है। हालांकि इस बार 1 फरवरी रविवार को पड़ रहा है, जिससे यह सवाल उठ रहा है कि क्या सरकार इस दिन बजट पेश करेगी या तारीख में बदलाव किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के पोस्ट में बजट की तारीख को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
बजट सत्र के पहले दिन संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक आयोजित होगी, जिसमें राष्ट्रपति का अभिभाषण होगा। इसके बाद आर्थिक सर्वेक्षण पेश किए जाने की संभावना है। पहले चरण में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव और आम बजट पर चर्चा होगी। वहीं दूसरे चरण में वित्त विधेयक, अनुदान मांगों और अन्य विधायी कार्यों पर विचार किया जाएगा। बजट सत्र के दौरान सरकार की आर्थिक नीतियों और विकास योजनाओं को लेकर व्यापक चर्चा होने की उम्मीद है, जिस पर देशभर की निगाहें टिकी रहेंगी।








