
नई दिल्ली। दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में रविवार को कांग्रेस की ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रैली आयोजित की गई, जिसमें पार्टी के शीर्ष नेताओं ने केंद्र की मोदी सरकार और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर सीधा हमला बोला।
राहुल गांधी ने कहा कि “पीएम मोदी का कॉन्फिडेंस खत्म हो चुका है। अमित शाह के हाथ कांपते हैं, क्योंकि वे जानते हैं कि उनकी चोरी पकड़ी जा चुकी है।” उन्होंने आरोप लगाया कि देश की चुनावी प्रक्रिया को कमजोर किया जा रहा है और लोकतंत्र पर सीधा हमला हो रहा है। राहुल ने दावा किया कि जनता अब सच्चाई समझ चुकी है और इसका जवाब आने वाले समय में देगी।
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, सुखबीर सिंह और विवेक जोशी भाजपा के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। राहुल के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने इन्हें बचाने के लिए कानून तक बदल दिया। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “हम इस कानून को बदलेंगे और इन लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। इन्हें याद रखना चाहिए कि ये हिंदुस्तान के इलेक्शन कमिश्नर हैं, बीजेपी के नहीं।”
राहुल से पहले कांग्रेस महासचिव और वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में वोट की कीमत समझना बेहद जरूरी है। प्रियंका ने आरोप लगाया कि आज न्यायपालिका पर दबाव है और मीडिया पर बड़े उद्योगपतियों का कब्जा है। उन्होंने कहा, “सारी मीडिया अंबानी-अडानी की है। कांग्रेस के नेताओं पर झूठे आरोप लगाकर उन्हें जेल में डाला गया, जबकि जो लोग बीजेपी में शामिल हो गए, उन्हें उनकी ‘वॉशिंग मशीन’ ने साफ कर दिया।” प्रियंका गांधी ने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ कांग्रेस की नहीं, बल्कि देश के हर उस नागरिक की है, जिसका वोट और आवाज दबाई जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट रहने की अपील की।
रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी जोश देखने को मिला। मंच से पहले ही मैदान में मौजूद कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ नारेबाजी की। “वोट चोर गद्दी छोड़” और “मोदी तेरी कब्र खुदेगी” जैसे नारे लगाए गए। कई कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में बैनर और पोस्टर लेकर पहुंचे।
इन बैनरों पर लिखा था— “देश की जनता की अदालत का सबसे बड़ा गुनहगार, कैदी नंबर 420 ज्ञानेश कुमार” और “चुनाव आयोग बना है मोदी आयोग”। इन नारों और पोस्टरों ने रैली का राजनीतिक तापमान और बढ़ा दिया। वहीं दूसरी ओर, भाजपा ने भी कांग्रेस के आरोपों का जवाब पोस्टर के जरिए दिया। भाजपा द्वारा जारी पोस्टर में लिखा गया— “तुम घुसपैठियों की सेवा में लगे रहो, हम देश की जनता की सेवा करते रहेंगे।” इससे साफ है कि इस मुद्दे पर सियासी टकराव और तेज हो गया है।









