
दिल्ली-एनसीआर में कोहरे और प्रदूषण के डबल अटैक से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सुबह से घने स्मॉग की चादर ने शहर को ढक रखा है, जिससे विजिबिलिटी बेहद कम हो गई और सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं। सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के अनुसार, सुबह 6 बजे AQI 491 तक पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे खराब स्तर है। दिन में यह 460-461 के आसपास रहा, जो ‘सीवियर प्लस’ कैटेगरी में आता है।
कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने शनिवार को ही GRAP-4 के सख्त प्रतिबंध लागू कर दिए हैं। इसके तहत निर्माण कार्य पूरी तरह बंद, BS-III पेट्रोल और BS-IV डीजल वाहनों पर बैन, डीजल जनरेटर का इस्तेमाल प्रतिबंधित और ट्रकों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है। सरकारी और प्राइवेट ऑफिसों में 50% स्टाफ वर्क फ्रॉम होम कर रहा है। स्कूलों में हाइब्रिड क्लासेस शुरू हो गई हैं, खासकर छोटी क्लासेस के लिए ऑनलाइन मोड को प्राथमिकता दी जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, कम हवा की स्पीड और नमी के कारण प्रदूषक फंस रहे हैं, जिससे स्मॉग और कोहरा बढ़ रहा है। सुबह विजिबिलिटी 500-700 मीटर तक सिमट गई, जिससे हाईवे और शहर की सड़कों पर ट्रैफिक जाम लग गया। कई जगहों पर एक्सीडेंट की खबरें भी आईं।






