
लखनऊ विश्वविद्यालय का 68वाँ दीक्षान्त समारोह सम्पन्न
“दीक्षान्त केवल डिग्री नहीं, जीवन की नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है” – उच्च शिक्षा मंत्री
लखनऊ, 10 सितम्बर 2025। लखनऊ विश्वविद्यालय का 68वाँ दीक्षान्त समारोह बुधवार को कला संकाय प्रांगण में भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने की। इस अवसर पर डॉ. शेखर सी. माण्डे (पूर्व महानिदेशक, CSIR) मुख्य अतिथि, जबकि उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय अति विशिष्ट अतिथि और उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि लखनऊ केवल ऐतिहासिक व सांस्कृतिक महत्व का शहर नहीं, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में भी गौरवपूर्ण परंपरा रखता है। उन्होंने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा – “दीक्षान्त केवल डिग्री प्राप्ति नहीं, बल्कि जीवन की नई जिम्मेदारियों का आरंभ है। उत्तर प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छू रहा है और विश्वविद्यालय लगातार राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं।”
राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि उपाधि और पदक का सही उपयोग समाज व राष्ट्रहित में करना ही विद्यार्थियों की सच्ची सफलता होगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश शिक्षा का केंद्र बन रहा है और यहाँ विदेशी विद्यार्थियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।






