
नई दिल्ली |
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार सुबह आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और दिल्ली सरकार में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज के आवास सहित 13 ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई दिल्ली में अस्पताल निर्माण परियोजनाओं में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मामले में की गई।
5,590 करोड़ की परियोजनाओं में अनियमितता का आरोप
भ्रष्टाचार के ये आरोप वर्ष 2018-19 में स्वीकृत दिल्ली सरकार की 24 अस्पताल परियोजनाओं से जुड़े हैं, जिनकी कुल अनुमानित लागत ₹5,590 करोड़ थी। इनमें 11 ग्रीनफील्ड और 13 ब्राउनफील्ड अस्पताल शामिल थे। आरोप है कि इन परियोजनाओं में समय पर काम पूरा नहीं हुआ और लागत अनुमानों से कई गुना बढ़ गई। उदाहरण के तौर पर अगर देखें तो, सात ICU अस्पतालों के लिए ₹1,125 करोड़ की स्वीकृति दी गई थी, लेकिन तीन साल बीतने के बावजूद केवल 50% कार्य ही पूरा हो सका, जबकि ₹800 करोड़ खर्च किए जा चुके हैं। लोकनायक अस्पताल (LNJP) के न्यू ब्लॉक के लिए स्वीकृत ₹465.52 करोड़ की लागत अंततः ₹1,125 करोड़ तक पहुंच गई। वहीं, 94 पॉलीक्लिनिक्स निर्माण के लिए ₹168 करोड़ स्वीकृत हुए थे, लेकिन 52 केंद्र ही बन सके, और खर्च ₹220 करोड़ तक पहुंच गया।
बीजेपी नेता ने की थी शिकायत
22 अगस्त 2024 को बीजेपी नेता विजेंद्र गुप्ता ने उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना से शिकायत कर तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज और पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन पर मिलीभगत का आरोप लगाया था। इसके बाद एलजी ने जांच के आदेश दिए और मामला दिल्ली सरकार की एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) को सौंपा गया। ACB ने जून 2025 में दोनों नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज की और जुलाई में मामला प्रवर्तन निदेशालय को ट्रांसफर कर दिया गया। ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के पहलुओं की जांच के लिए PMLA के तहत केस दर्ज किया।
AAP की प्रतिक्रिया- राजनीतिक बदले की कार्रवाई
इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, सौरभ भारद्वाज के घर पर ED की रेड ये दर्शाती है कि मोदी सरकार आम आदमी पार्टी को दबाने का प्रयास कर रही है। हम भाजपा से नहीं डरते। AAP नेता आतिशी ने दावा किया कि यह मामला उस समय का है जब सौरभ भारद्वाज मंत्री भी नहीं थे। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शैक्षणिक डिग्री को लेकर उठे सवालों से ध्यान भटकाने की साजिश बताया।
बीजेपी ने कहा-AAP भ्रष्टाचार की प्रतीक बन चुकी है
वहीं बीजेपी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, AAP ने पिछले ग्यारह वर्षों में दिल्ली में विकास को ठप कर दिया। पार्टी की नीतियों और फैसलों ने जनता को गुमराह किया है। वहीं अब यह देखना होगा की. ED की यह कार्रवाई AAP के लिए एक और राजनीतिक चुनौती के रूप में सामने आई है, खासकर तब जब पार्टी पहले से ही शराब घोटाले में गिरफ्तारी और पूछताछ जैसे मामलों से जूझ रही है। अब देखना यह होगा कि जांच एजेंसियों को इस मामले में क्या साक्ष्य हाथ लगते हैं और न्यायिक प्रक्रिया किस दिशा में आगे बढ़ती है।






