
एक साल से फरार इनामिया लुटेरा गिरफ्तार, सवारी बनकर देता था लूट को अंजाम
लखनऊ। नाका थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए विगत एक वर्ष से फरार चल रहे इनामिया लुटेरे को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त सवारी बनकर लोगों को जबरन वाहन में बैठाता था और फिर अपने साथियों के साथ मिलकर उनसे रुपये व कीमती सामान लूटकर पीड़ितों को सुनसान स्थान पर छोड़ देता था।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त रुपये कमाने की लालच और नशे की लत में अपराध की दुनिया में सक्रिय था। नाका पुलिस को लंबे समय से इस शातिर अपराधी की तलाश थी, जो लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था। आखिरकार मुखबिर की सूचना और सतर्कता के चलते पुलिस ने उसे दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में अभियुक्त ने अपने साथियों के साथ मिलकर कई लूट की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की गहनता से जांच कर रही है, वहीं गिरोह में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश भी तेज कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय लूट गिरोह का खुलासा हुआ है। अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही उसके अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।








