सीतापुर: मिशन शक्ति फेज़ 5.0 के तहत 1 अक्टूबर 2025 को सीतापुर जनपद में एंटी रोमियो टीमों द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना था। पुलिस अधीक्षक श्री अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में जिले के भीड़-भाड़ वाले स्थानों, स्कूल, कॉलेज, पार्क आदि सार्वजनिक स्थलों पर यह कार्रवाई की गई। चेकिंग अभियान के दौरान टीमों ने महिलाओं से अभद्रता करने वाले 170 व्यक्तियों के खिलाफ सीआरपीसी की धारा 151 के तहत निरुद्ध किया। वहीं 31 शोहदों के विरुद्ध धारा 110 के अंतर्गत कार्यवाही की गई। सबसे अधिक कार्रवाई खैराबाद, महोली, महमूदाबाद और रामपुर मथुरा थाना क्षेत्रों में की गई। इसके अतिरिक्त 296 बीएनएस के अंतर्गत 15 अभियोग दर्ज किए गए, जिसमें सबसे अधिक अभियोग महोली (03), खैराबाद (02) और रामपुर मथुरा (02) थाने में दर्ज हुए।अभियान के माध्यम से पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त संदेश दिया है। यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा ताकि जनपद में महिला सुरक्षा को और सुदृढ़ किया जा सके।









