
अधिकारियों के कुत्तों की देखभाल में लगाए जा रहे जवान, BSF DIG पहुंचे हाईकोर्ट
BSF के DIG संजय यादव ने दिल्ली हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका दायर कर गंभीर आरोप लगाए हैं। याचिका में कहा गया है कि केंद्रीय अर्धसैनिक बलों (CAPF) के जवानों को सीमा पर ड्यूटी देने के बजाय उच्च अधिकारियों के घरों में निजी कार्यों और यहां तक कि कुत्तों की देखभाल तक के लिए तैनात किया जा रहा है।
दिल्ली हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश डी.के. उपाध्याय और न्यायमूर्ति तुषार राव गेडेला की खंडपीठ ने गृह मंत्रालय (MHA) और BSF से इस मामले पर जवाब मांगा है।
DIG संजय यादव ने कहा कि यह प्रथा “व्यापक और चिंताजनक” है। उन्होंने बताया कि CAPFs और असम राइफल्स में 83,000 से अधिक रिक्तियां हैं, ऐसे में उपलब्ध बल का घरेलू उपयोग राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक खजाने दोनों पर गंभीर असर डालता है।
याचिका में 2016 के आदेश का हवाला देते हुए कहा गया कि सेवानिवृत्त अधिकारियों के यहां तैनात जवानों को तुरंत वापस बुलाने का निर्देश था, लेकिन अब तक इसका पालन नहीं हुआ। BSF ने 131 जवानों की सूची भी बनाई थी।









