लखनऊ स्थित रिज़र्व पुलिस लाइन में जन्माष्टमी पर्व को लेकर तैयारियां जोर-शोर से पूरी कर ली गई हैं। परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों की मालाओं और झंडियों से सजाया गया है। इस अवसर पर मुख्य आकर्षण भगवान श्रीकृष्ण की झांकियां होंगी, जिनमें मथुरा, वृंदावन और गोकुल के दृश्यों को जीवंत रूप दिया जाएगा। पुलिसकर्मी, उनके परिवार और आसपास के लोग उत्साहपूर्वक कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हैं। बच्चों के लिए मटकी फोड़ प्रतियोगिता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा। महिला पुलिस कर्मियों ने विशेष रूप से भजन मंडली तैयार की है, जो रात्रि में कृष्ण भक्ति गीत प्रस्तुत करेगी।आयोजन समिति के अनुसार, मध्यरात्रि 12 बजे भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस लाइन में अतिरिक्त बल तैनात किया जाएगा, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके। रिज़र्व पुलिस लाइन में हर साल जन्माष्टमी का आयोजन भव्य स्तर पर किया जाता है, जिसमें पुलिस परिवारों के साथ-साथ आम नागरिक भी शामिल होते हैं। इस बार विशेष सजावट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के कारण माहौल पहले से अधिक उल्लासपूर्ण है। पूरा परिसर भक्तिरस में डूबा हुआ है।










