गाजियाबाद : सुहाने सफर के साथ परदे पर दिखेगी ‘नमो भारत’, शूटिंग के लिए बनाई नीति
गाजियाबाद : हाल ही में फिल्म शूटिंग सहित अन्य कार्यक्रमों के आयोजनों के लिए आरआरटीएस स्टेशन परिसर और प्रतिष्ठित नमो-भारत ट्रेनों को किराए पर उपलब्ध करवाने के लिए एक व्यापक नीति तैयार की गई है। इस नीति के तहत आरआरटीएस स्टेशन और नमो-भारत ट्रेनें अब फिल्म शूटिंग, डॉक्यूमेंट्री और टीवी विज्ञापनों आदि के लिए किराए पर उपलब्ध होंगे।
यह है पूरी योजना
ओटीटी प्लेटफार्मों और डिजिटल परिदृश्य के प्रसार के साथ, फीचर फिल्मों, डॉक्यूमेंट्री और वेब सीरीज़ के फिल्मांकन की पृष्ठभूमि के रूप में सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल, विशेष रूप से मेट्रो रेल के इस्तेमाल में वृद्धि दर्ज की गई है। आधुनिक शूटिंग स्थानों की तलाश करने वाले फिल्म निर्माताओं के लिए एनसीआरटीसी एक आकर्षक अवसर दे रहा है। नमो भारत ट्रेनें विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ-साथ वास्तुकला और मॉडर्न डिजाइन से युक्त हैं। जो उन्हें दृशयात्मक रूप से मनोरम दृश्यों के लिए शूटिंग का लक्ष्य रखने वाले फिल्म निर्माताओं के लिए उत्तम विकल्प हैं। आरआरटीएस स्टेशनों का बाहरी आवरण मोर पंख के जीवंत रंगों से प्रेरणा लेते हुए आकर्षक नीले और बेज रंग से तैयार किया गया है। जो देखने में बहुत सुंदर लगते हैं।
यह होगा किराया
एनसीआरटीसी के प्रवक्ता पुनीत वत्स ने बताया कि आरआरटीएस परिसर को शूटिंग के अलावा अन्य आयोजन उद्देश्यों के लिए भी किराए पर लिया जा सकता है। यदि रात के समय नमो भारत ट्रेनों की आवश्यकता है तो कार्यक्रमों की बुकिंग पर भी विचार किया जा सकता है। वाणिज्यिक प्रयोजनों के लिए आरआरटीएस के परिसर एवं ट्रेनें प्रति निर्धारित घंटे के आधार पर किराये पर लेने के लिए अनुसूची और बुकिंग शुल्क इस प्रकार होगा। नमो भारत ट्रेन के अंदर दो लाख रुपये प्रति घंटा, स्टेशन के अंदर दो लाख रुपये प्रति घंटा, स्टेशन और ट्रेन के अंदर तीन लाख रुपये घंटा साथ ही डिपो या साइट पर ढाई लाख रुपये प्रति घंटा का किराया दर रखा गया है।
मामूली शुल्क में बेहतरीन विकल्प
फिल्म निर्माताओं के पास अब आरआरटीएस स्टेशनों और आकर्षक नमो-भारत ट्रेनों में शूटिंग करने का एक बेहतर विकल्प है, जो सुक्ष्म शुल्क पर विश्वस्तरीय मानकों के अनुरूप अपनी सिनेमाई कहानियों को मॉडर्न आरआरटीएस सिस्टम के साथ दर्शाते हुए अपनी विश्वसनीयता को और बढ़ा सकते हैं। नियम व शर्तों और अन्य विवरणों के लिए पॉलिसी दस्तावेज देखने के लिए ncrtc की वेबसाइट पर लागिन करें।








