ग्राम्य विकास विभाग और संस्थाओं में रिक्त पद जल्द भरे जाएंगे
उप मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद ग्राम्य विकास विभाग रिक्तियों का ब्यौरा तैयार करने में जुटा
लखनऊ। ग्राम्य विकास विभाग और उसकी संस्थाओं में रिक्त पद भरे जाएंगे। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विभाग में रिक्त पदों को भरा जाए। उप मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद राज्य ग्रामाीण आजीविका मिशन, मनरेगा, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, उत्तर प्रदेश ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण, ग्राम्य विकास संस्थान में रिक्त पद जल्द भरे जाने की उम्मीदें बढ़ गई हैं।उप मुख्यमंत्री के इस निर्देश के बाद ग्राम्य विकास विभाग रिक्त पदों का ब्यौरा जुटा रहा है। विभागीय रिक्त पदों जिनके लिए भर्ती आयोग के माध्यम से होनी है। इसके अलावा आउटसोर्स और संविदा पर भी बड़ी संख्या में पद रिक्त हैं, जिन्हें भरा जाना है। बताया जाता है कि विभाग और विभागीय संस्थाओं में 1000 से अधिक पद मौजूदा समय में रिक्त पड़े हैं।
मनरेगा में मानव दिवस बढ़ाने के लिए स्टडी रिपोर्ट
केशव मौर्य ने रिक्तियों को भरे जाने का निर्देश हाल ही में विभाग की उच्चस्तरीय बैठक में दिए थे। जिसमें उन्होंने यह भी कहा था कि मनरेगा श्रमिकों का पारिश्रमिक बढ़ाने के लिए तथ्यों व परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार से पत्राचार किया जाए। मनरेगा के तहत अधिक से अधिक लोगों को काम दिया जा सके इसके लिए मानव दिवस सृजन की संख्या बढ़ाई जाए। मानव दिवस संख्या बढ़ाने के लिए डिटेल स्टडी रिपोर्ट जल्द तैयार किया जाए।
जिन पंचायतों में नहीं हैं महिला मेट वहां जल्द होगी तैनाती
उप मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए हैं कि जिन ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत महिला मेट का चयन नहीं किया गया है, वहां पर महिला मेट चयन अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने कहा कि आजीविका मिशन द्वारा गांवों में बनाए गए समूहों के माध्यम से यूपी समृद्धि के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। आजीविका मिशन में पेमेंट की प्रक्रिया को सरल बनाने को कहा
एलयूआरएन से रिजल्ट, लाइब्रेरी, वेरीफिकेशन की भी सुविधा
एलयूआरएन से जोड़े जाएंगे सभी एकेडमिक रिकार्ड्स
लखनऊ। एलयू में अब लखनऊ विश्वविद्यालय रजिस्ट्रेशन नंबर (एलयूआरएन) से सभी एकेडमिक रिकार्ड को जोड़ा जाएगा। जिससे वेरीफिकेशन, रिजल्ट व लाइब्रेरी समेत कई अन्य सेवाओं तक पहुंच आसान हो जाएगी।लखनऊ विश्वविद्यालय ने एलयूआरएन के जरिए सीधे सत्यापन की व्यवस्था शुरू कर दी है। इससे सभी अकादमिक रिकॉर्ड को जोड़ दिया जाएगा। जिससे सत्यापन प्रक्रिया में कोई दिक्कत नहीं होगी। कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने बताया कि पंजीकरण संख्या के साथ ही छात्रों को शैक्षणिक सेवाओं का भी फायदा होगा। कॉलजों के छात्रों की परीक्षा परिणाम और पुस्तकालय सेवाओं तक पहुंच आसान हो जाएगी। छात्रों को छात्रवृत्ति, अन्य वित्तीय सहायता व अन्य सूचनाएं भी आसानी से मिल सकेंगे। एलयूआरएन की मदद से आवेदकों को वास्तविक समय में आवेदन की स्थिति, दस्तावेज सत्यापन और शुल्क भुगतान सहित अपनी प्रवेश स्थिति की जांच करना आसान होगा। इससे पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा। विद्यार्थी आसानी से आधिकारिक प्रतिलेख और प्रमाणपत्र का अनुरोध कर सकते हैं।
छात्रों को सीधे जानकारी भेज सकेगा एलयू
एलयूआरएन की मदद से एलयू सीधे विद्यार्थियों को सूचनाएं देगा। एलयू अपने पंजीकरण नंबरों का इस्तेमाल करके छात्रों को व्यक्तिगत जानकारी और अपडेट भेज सकता है। जिससे छात्रों तक महत्वपूर्ण घोषणाएं और शैक्षणिक जानकारी तुरंत पहुंच सकेगी। इसके अलावा एलयूआरएन की मदद से आजीवन विद्यार्थियों के सम्पर्क में भी रहेगा। पूर्व छात्रों की शैक्षणिक और व्यावसायिक यात्राओं पर नजर रखने, नेटवर्किंग और परामर्श में योगदान देगा।
एलयू में गेट नंबर तीन होगा मुख्य द्वार, दो से सिर्फ वीआईपी इंट्री
लखनऊ विवि को तीन हिस्सों में बांटने की तैयारी
शिक्षकों व विद्यार्थियों के लिए तीन नंबर होगा प्रवेश द्वार
प्रशासनिक कार्यों के लिए गेट नंबर एक का इस्तेमाल
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय को तीन हिस्सों में बांटने की तैयारी है। जिससे कि शिक्षकों, छात्रों और प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यों में कोई बाधा न आए।एलयू में अब हर व्यक्ति के प्रवेश के लिए अलग-अलग द्वार होंगे। शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए गेट नंबर-3 होगा। जिसका निर्माण कार्य शुरू हो गया है। यहां से दाखिल होने के बाद एक ओर शिक्षकों और दूसरी तरफ विद्यार्थियों की पार्किंग होगी। कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने बताया कि एलयू में प्रवेश के लिए अभी तक गेट नंबर- एक को मुख्य द्वार के रूप में प्रयोग किया जाता है। एलयू का मुख्य द्वार जल्द ही गेट नंबर-3 हो जाएगा। इसका निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। एलयू के शिक्षक और छात्र इस गेट से प्रवेश लेंगे। इनके लिए अलग-अलग पार्किंग होगी जो कि गेट नंबर-3 से सटी रहेगी। कुलपति ने बताया कि 15 जनवरी तक गेट नंबर तीन का कार्य पूरा होने की उम्मीद है।
प्रशासनिक कार्यों के लिए गेट नंबर एक
एलयू में आने वाले दिनों में गेट नंबर-एक से सिर्फ प्रशासनिक, परीक्षा संबंधित कार्यों के लिए ही दाखिल हो सकेंगे। छात्रों और शिक्षकों को इस गेट से प्रवेश नहीं मिल सकेगा।
गेट नंबर दो बनेगा वीआईपी द्वार
लखनऊ विश्वविद्यालय में मालवीय सभागार और एपी सेन सभागार का नवीनीकरण हो चुका है। जहां आए दिन कोई न कोई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। कुलपति का कहना है कि कार्यक्रमों में वीआईपी मेहमानों का आना होता है। इसीलिए अब गेट नंबर दो को सिर्फ वीआईपी इंट्री के लिए खोला जाएगा।
बेसिक शिक्षा परिषद के आदेश से शिक्षक-शिक्षिकाएं परेशान कोर्ट जाने की तैयारी
बिना पारस्परिक स्थानांतरण करे पदोन्नति की तैयारी से शिक्षकों में नाराजगी
लखनऊ। बेसिक शिक्षा परिषद के एक आदेश से परेशान शिक्षक-शिक्षिकाएं कोर्ट जाने की तैयारी में हैं। बेसिक शिक्षा परिषद सचिव प्रताप सिंह बघेल ने शिक्षक-शिक्षिकाओं के पारस्परिक स्थानांतरण की तैयारी की, लेकिन स्थानांतरण आदेश जारी नहीं किया गया। इसी बीच वर्षों से अटकी पदोन्नति प्रक्रिया शुरू कर दी गई। तीन बार तिथि बढ़ाने के बावजूद पदोन्नति नहीं दी जा सकी। अब चौथी बार तिथि बढ़ाई गई है।उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने बताया कि नित नए आदेश कर बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षकों को परेशान किया जा रहा है। जब शिक्षक व शिक्षिकाओं ने दूसरे जिलों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं से वार्ता कर पारस्परिक स्थानांतरण के लिए सहमति बना ली तो उनका स्थानांतरण आदेश जारी कर दिया जाना चाहिए।परिषद ने ऐसा न कर अब पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू कर दी पदोन्नति से अधिकांश शिक्षकों का तालमेल टूट जाएगा कई वर्षों से ठप पड़ी पदोन्नति प्रक्रिया शुरू कर परिषद स्वयं ही पारस्परिक स्थानांतरण के लिए बनाया गया शिक्षकों का तालमेल तोड़ने का काम कर रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अब अधिकारियों ने पदोन्नति प्रक्रिया को भी फंसा दिया है। तय सीमा के बाद भी सूची फाइनल न होना उच्च स्तरीय अधिकारियों के मनमाने आदेश का परिणाम है। बताया कि सबसे पहले सभी शिक्षकों की सूची बनाने का आदेश किया गया। सूची तैयार की गई तो अंतरजनपदीय व शिक्षकों का स्थानांतरण कर दिया गया
तदर्थ शिक्षकों के सेवा समाप्ति के विरोध में 16 को प्रदेश भर में प्रदर्शन करेगा शिक्षक संघ- चेत नारायण सिंह
लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष चेत नारायण सिंह व महामंत्री राम बाबू शास्त्री ने तदर्थ शिक्षकों की सेवा समाप्ति के निर्णय का पुरजोर विरोध करते हुए संघर्ष की घोषणा की है। संगठन ने सरकार के इस अमानवीय व अव्यवहारिक निर्णय की निंदा करते हुए कहा है कि हम तदर्थ शिक्षकों के साथ अन्याय नही होने देंगे। संगठन उनके सेवा सुरक्षा के लिए हर संभव संघर्ष करेगा, जिसके तहत प्रथम चरण में 16 नवम्बर 2023 को प्रदेश के सभी 75 जनपदों में इकाई अध्यक्ष व मंत्री के नेतृत्व में अपने अपने विद्यालय पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। पत्र की प्रतिलिपि सभी मंडल अध्यक्ष, सभी जिलाध्यक्ष व प्रांतीय पदाधिकारियों को भेजी गई है।
पीएचडी की लिखित परीक्षा दो दिसंबर को प्रस्तावित
लखनऊ। एकेटीयू में पीएचडी प्रवेश 2023-24 फेज-एक के तहत लिखित परीक्षा की तारीख घोषित कर दी गई है। इस संबंध में विवि प्रशासन ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। जिसके अनुसार पीएचडी प्रवेश के लिए प्रस्तावित लिखित परीक्षा दो दिसंबर को आयोजित की जाएगी। एकेटीयू प्रशासन के मुताबिक, लखनऊ और नोएडा सेंटर्स पर परीक्षाओं का आयोजन होगा।
इतिहास का पीएचडी साक्षात्कार 18 को
लखनऊ। डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विवि में पीएचडी प्रवेश 2023-24 के तहत इतिहास विषय के शोध प्रस्ताव, प्रस्तुतिकरण और साक्षात्कार की तिथि घोषित कर दी गई है। विभागाध्यक्ष डॉ. आलोक कुमार ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को 18 नवंबर को एकेडमिक ब्लॉक के दूसरे तल, ए-2 पर दोपहर 12:30 बजे पहुंचना होगा। साथ ही जरूरी दस्तावेज भी संग लेकर आना होगा।
आईईटी में आंतरिक शिकायत समिति का गठन
लखनऊ। इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (आईईटी) में विद्यार्थियों की शिकायतों के लिए दस सदस्यीय आंतरिक शिकायत समिति गठित कर दी गई है। इस संबंध में कुलसचिव डॉ. प्रदीप बाजपेयी ने आदेश जारी कर दिया है। उन्होंने बताया कि समिति में दो विद्यार्थी एमटेक के अखंड प्रताप सिंह और बीटेक की छात्रा काव्या को भी शामिल किया गया है।
ललित कला के पीएचडी साक्षात्कार की तारीख बदली
लखनऊ। डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विवि में पीएचडी प्रवेश 2023-24 के तहत ललित कला विषय के शोध प्रस्ताव, प्रस्तुतिकरण और साक्षात्कार की तिथि बदल दी गई है। विभागाध्यक्ष प्रो. पी. राजीवनयन ने बताया कि अब यह प्रक्रिया 17 व 18 नवंबर को पूरी की जाएगी। पहले यह तिथि सात व आठ नवंबर को तय थी।
एकेटीयू: अब इंजीनियरिंग छात्रों को इंडस्ट्री में गुजारने होंगे एक साल
लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विवि (एकेटीयू) से अब इंजीनियरिंग करने वाले छात्रों को किसी उद्योग में जाकर एक साल की पढ़ाई व इंटर्नशिप करनी होगी। जिससे वह उद्योगों की मांग के अनुसार तैयार हो सकें। इसके लिए प्राविधिक विवि की ओर से कई स्पेशल कोर्स शुरू करने की योजना है।एकेटीयू ने आगामी सत्र से बीटेक स्पेशलाइजेशन विथ आईओटी कोर्स शुरू करने की रणनीति बनाई है। जिसे उद्योगों की मदद से संचालित किया जाएगा। इसका पाठ्यक्रम भी उद्योगों के विशेषज्ञों संग तैयार किया जाएगा। साथ ही इस कोर्स से होने वाली कमाई का हिस्सा भी संबंधित इंडस्ट्री को देने का प्लान है। इसके लिए एकेटीयू की ओर से लगातार इंडस्ट्री कोलेबरेशन को बढ़ावा दिया जा रहा है। कई एमओयू भी किए जा चुके हैं। भविष्य में कई एमओयू करने के लिए उद्योगों के साथ बातचीत भी जारी है। जिससे छात्र अपनी पढ़ाई के साथ इंडस्ट्री के कामकाज, चुनौतियां और भौतिक स्थिति से वाकिफ हो सकें।कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने बताया कि शासन के निर्देश पर इंडस्ट्री ओरिएंटेड कोर्स शुरू करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। अभी तक छात्रों को अंतिम सेमेस्टर में इंडस्ट्री में जाकर इंटर्नशिप करनी होती है। पर, यह काफी कम समय के लिए होती है। इसमें उन्हें पूरी जानकारी नहीं मिल पाती। प्रो. पांडेय का कहना है कि इस कोर्स से विद्यार्थियों को इंडस्ट्री में एक साल गुजारने का मौका मिलेगा। वहीं, इंडस्ट्री के साथ एमओयू होने से उन्हें संबंधित क्षेत्र में प्रोफेशनल ट्रेनिंग मिल सकेगी।
एएमसी सेंटर में में अग्निवीर भर्ती रैली में शामिल होंगे 11 हजार अभ्यर्थी
लखनऊ। सेना के उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड भर्ती क्षेत्र की ओर से अग्निवीरों का चयन होने जा रहा है। भर्ती मुख्यालय लखनऊ की ओर से एएमसी सेंटर और कॉलेज स्टेडियम में 16 नवम्बर से सात दिन तक भर्ती रैली चलेगी। सेना के अनुसार 11 हजार अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है।इस साल की यूपी में यह तीसरी भर्ती रैली होगी। इस भर्ती के लिए अप्रैल में हुए ऑनलाइन कॉमन इंट्रेंस एग्जाम में पास होने वाले अभ्यर्थी ही शामिल होंगे। यह अग्निवीर भर्ती जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर ट्रेड्समैन (10वीं और 8वीं) और अग्निवीर क्लर्क एवं स्टोर कीपर टेक्निकल पदों केलिए हो रही है। इन पदों की रिक्तियों केलिए इस रैली में उत्तर प्रदेश के 13 जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे।
इन जिलों के अभ्यर्थी होंगे शामिल
ऑनलाइन सीईई पास करने वाले औरैया, चित्रकूट, कन्नौज, बांदा, महोबा, हमीरपुर, बाराबंकी, गोंडा, कानपुर देहात, उन्नाव, कानपुर नगर, फतेहपुर और लखनऊ के सभी उम्मीदवारों के लिए प्रवेशपत्र जारी कर दिए गए हैं। उम्मीदवार सुबह एक बजे एएमसी सेंटर और कॉलेज स्टेडियम, लखनऊ में रिपोर्ट करेंगे।
अग्निवीर भर्ती रैली में शामिल होने के लिए आवश्यक
अभ्यर्थियों को रैली अधिसूचना, प्रवेशपत्र में सूचित सभी दस्तावेज की मूल प्रति लानी होगी
अभ्यर्थियों को सतर्क रहना होगा। दलालों के शिकार न बनें, अनुचित साधन का सहारा न लें
सेना में चयन पूरी तरह से निष्पक्ष और पारदर्शी है जिसका उद्देश्य श्रेष्ठ अभ्यर्थियों का
पहले दिन 15844 ने छोड़ी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा
प्रयागराज कर्मचारी चयन आयोग की दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल भर्ती 2023 की कम्प्यूटर आधारित परीक्षा मंगलवार से शुरू हो गई। एसएससी मध्य क्षेत्र के अधीन उत्तर प्रदेश बिहार में पंजीकृत 906890 अभ्यर्थियों के लिए दो दिसंबर तक परीक्षा कराई जाएगी। दोनों राज्यों के 19 शहरों में 88 केंद्रों पर परीक्षा कराई जा रही है। पहले दिन पंजीकृत 37032 अभ्यर्थियों में से 21188 (57.22 प्रतिशत) परीक्षा में शामिल हुए। 15844 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। उत्तर प्रदेश में 25188 अभ्यर्थियों में से 15021 (59.64%) जबकि बिहार में 11844 अभ्यर्थियों में से 6167 (52.07%) अभ्यर्थी शामिल हुए।आगरा में 7125 अभ्यर्थियों में से 4033 (56.60%), अलीगढ़ 1350 में 686 (50.81%), बरेली 2700 में 1484 (54.96%), गोरखपुर 1965 में 1059 (53.89%), मेरठ 8538 में 5684 (66.57%), मुरादाबाद 1380 में 823 (59.64%), मुजफ्फरनगर 1350 में 911 (67.48%) उपस्थित रहे। सीतापुर 780 में 341 (43.72%), भागलपुर 1185 में 580 (48.95%), दरभंगा 591 में 347 (58.71%), मुजफ्फरपुर 1350 में 611 (45.26%), पटना 5967 में 3140 (52.62%), पूर्णिया 1251 में 584 (46.68%), गया में पंजीकृत 1500 अभ्यर्थियों में से 905 (60.33%) ने पहले दिन परीक्षा दी।
वेतन के लिए मंडलायुक्त कार्यालय पर गरजे शिक्षक
प्रयागराज।सैम हिग्गिनबॉटम कृषि प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान विश्वविद्यालय (शुआट्स) के सैकड़ों शिक्षक और कर्मचारियों ने मंगलवार को वेतन की मांग करते हुए मंडलायुक्त कार्यालय का घेराव किया। शिक्षकों ने मंडलायुक्त की अनुपस्थिति में अपर आयुक्त को ज्ञापन देकर दस माह के बकाए वेतन के भुगतान की मांग की। इस पर अपर आयुक्त ने शुआट्स के पदाधिाकरियों को बुलाकर फटकार लगाई और कर्मचारियों को वेतन भुगतान तीन दिन में करने के लिए कहा।धर्मांतरण, वित्तीय अनियमितता और अवैध नियुक्तियों के प्रकरण में शुआट्स के बड़े अधिकारियों के जेल में बंद होने, कुलपति डॉ. आरबी लाल के बीमार होने और कई के फरार होने से संस्थान गंभीर हालात से गुजर रहा है। यहां के शिक्षक-कर्मचारियों को दस महीने से वेतन नहीं मिला है। सुरक्षाकर्मियों ने आठ महीने के वेतन की मांग को लेकर 27 अक्तूबर को शुआट्स में तालाबंदी की थी। इस प्रकरण में जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने दीपावली के अवकाश से पहले वेतन भुगतान का आश्वासन दिया था। वेतन नहीं मिलने पर बिफरे शिक्षक-कर्मचारी मंगलवार को कमिश्नर कार्यालय पहुंच गए। अपर आयुक्त पुष्पराज सिंह ने शुआट्स अधिकारियों को तलब कर लिया। इसके बाद लंबी वार्ता हुई और इसमें शुआट्स प्रबंधन को 72 घंटे का समय दिया गया। अपर आयुक्त ने बताया कि शुआट्स प्रबंधन को तीन दिन का समय दिया गया है। वेतन नहीं दिया जाता है तो कार्रवाई
इलाहाबाद विश्वविद्यालय: पीएचडी की बढ़ी सीटें, आवेदक की संख्या कम
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं संबद्ध कॉलेजों में संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा (क्रेट 2023) के तहत पीएचडी में प्रवेश होंगे। इसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 नवंबर है। प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. जेके पति की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक मंगलवार यानी 14 नवंबर की सुबह दस बजे तक पीएचडी में प्रवेश के लिए 5759 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन पंजीकरण किया है जबकि 3730 ने फीस जमा कर अंतिम रूप से फार्म सबमिट कर दिया है।संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा 2022 की तुलना में इस बार पीएचडी की डेढ़ गुना सीटें बढ़ी हैं। इसके बावजूद आवेदकों की संख्या में कमी है। क्रेट 2022 में 43 विषयों के 709 सीटों के सापेक्ष 6780 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इस बार पीएचडी में 51 विषयों के 1170 सीटों के सापेक्ष अब तक 5759 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। क्रेट 2023 के तक विश्वविद्यालय परिसर में 733 और 437 सीटों पर कॉलेजों में प्रवेश होगा। पहली बार तीन विदेशी भाषाओं में पीएचडी होगी। इसमें जर्मन, फ्रेंच और रशियन शामिल हैं। इसके अलावा एक्सपेरीमेंटल मिनरोलाजी एंड पेट्रोलाजी तथा गांधी एवं शांति अध्ययन में भी पीएचडी के लिए आवेदन मांगे गए हैं।
एलएलबी पाठ्यक्रमों में पहली मेरिट लिस्ट के प्रवेश 16 से
सहारनपुर।मां शाकंभरी यूनिवर्सिटी द्वारा एलएलबी 3 वर्षीय एवं 5 वर्षीय पाठ्यक्रमों में प्रवेश को मेरिट के बाद ऑफर लेटर जारी किए जा चुके है। छात्र यूनिवर्सिटी की वेबसाइट से ऑनलाइन ऑफर लेटर डाउनलोड कर सकते हैं। इसके बाद 16 एवं 17 नवंबर को यूनिवर्सिटी से संबद्ध महाविद्यालय में एलएलबी पाठ्यक्रमों के पहली मेरिट लिस्ट के प्रवेश होंगे। इसके बाद यूनिवर्सिटी द्वारा 18 नवंबर को दूसरी मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी।इसके साथ ही छात्रों के लिए ऑफर लेटर भी उसी दिन जारी कर दिए जाएंगे। जबकि सीटों के रिक्त रहने की दशा में यूनिवर्सिटी द्वारा 23 नवंबर को ओपन मेरीट लिस्ट जारी⁸ķ की जाएगी। याद फिर भी सीट रिक्त रह जाती है तो वेटिंग लिस्ट के आधार पर 24 और 25 नवम्बर को प्रवेश होंगे। इस दौरान यूनिवर्सिटी के प्रवेश समन्वयक प्रोफेसर नरेश कुमार मलिक ने बताया कि सभी छात्र मेरिट तिथियां के लिए नियत किए गए दोनों में ही प्रवेश लें। यदि कोई छात्र नियत तिथि में प्रवेश नहीं लेता है तो उसे ओपन मेरिट में आवेदन करना होगा।
लखनऊ में 16 नवंबर से शुरु होगी अग्निवीर भर्ती, इन जिलों के युवाओं को मिलेगा मौका
लखनऊ। सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है। राजधानी लखनऊ में 16 नवंबर से अग्निवीर भर्ती रैली होगी। इसमें 13 जिलों के युवाओं को मौका मिलेगा। भर्ती क्षेत्र उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के तत्वावधान में भर्ती कार्यालय (मुख्यालय) लखनऊ में एएमसी सेंटर और कॉलेज स्टेडियम में अग्निवीर के लिए भर्ती रैली आयोजित होगी। मध्य कमान के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि यह रैली उत्तर प्रदेश में रैलियों की श्रृंखला में तीसरी होगी। सात दिनों तक रैली का आयोजन होगा। इसमें अप्रैल के महीने में आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) पास करने वाले उम्मीदवार भाग लेंगे। लगभग 11 हजार उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया है।उन्होने बताया कि अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर ट्रेड्समैन (10वीं और 8वीं) और अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल की रिक्तियों के लिए इस रैली में उत्तर प्रदेश के 13 जिलों के उम्मीदवारों के भाग लेने की उम्मीद है। ऑनलाइन सीईई पास करने वाले औरैया, चित्रकूट, कन्नौज, बांदा, महोबा, हमीरपुर, बाराबंकी, गोंडा, कानपुर देहात, उन्नाव, कानपुर नगर, फतेहपुर और लखनऊ जिलों के सभी उम्मीदवारों के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। उम्मीदवार सुबह एक बजे एएमसी सेंटर और कॉलेज स्टेडियम लखनऊ में रिपोर्ट करेंगे। इच्छुक उम्मीदवारों को रैली अधिसूचना और प्रवेश पत्र में सूचित सभी दस्तावेजों की मूल प्रति की कापी करने की सलाह दी गई है। उम्मीदवारों को यह भी सलाह दी जाती है कि वे सतर्क रहें और दलालों के शिकार न बनें या किसी अनुचित साधन का सहारा न लें। कहा कि सेना में चयन पूरी तरह से निष्पक्ष और पारदर्शी है, जिसका उद्देश्य सशस्त्र बलों के लिए उपयुक्त सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवार का चयन करना है। रैली से संबंधित किसी भी समस्या का सामना करने वाले उम्मीदवारों को बाद में अस्पष्टता से बचने के लिए भर्ती कार्यालय (मुख्यालय) लखनऊ से इसे स्पष्ट करना चाहिए। गौरतलब है कि बड़ी संख्या में युवा सेना में भर्ती के लिए इन दिनों तैयारियां कर रहे हैं।
एक दशक लड़ाई, प्रिंसिपल बनने का सपना अधूरा
प्रयागराज। सहायता प्राप्त माध्यमिक स्कूलों में प्रधानाचार्य भर्ती 2013 के जरिए प्रिंसिपल बनने का सपना तकरीबन एक दशक बाद भी पूरा नहीं हो सका है। एडेड कॉलेजों में प्रधानाचार्य के 632 पदों पर भर्ती के लिए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की ओर से 2013 के अंत में शुरू हुई भर्ती पहले तो नौ साल तक कानूनी दांवपेंच में उलझी रही।लंबी लड़ाई के बाद चयन बोर्ड ने 11 से 13 नवंबर 2022 के बीच 632 में से 581 पदों का परिणाम घोषित किया था। इनमें से तकरीबन आधे शिक्षक ही कार्यभार ग्रहण कर सके थे कि हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने चयन प्रक्रिया में नौ साल का समय लगने पर फरवरी 2023 में भर्ती निरस्त कर दी।उसके बाद से चयन बोर्ड और चयनित प्रधानाचार्यों की अपील डबल बेंच में विचाराधीन है।
मेवालाल अयोध्या प्रसाद इंटर कॉलेज सोरांव में इतिहास के प्रवक्ता डॉ. शैलेश पांडेय का चयन प्रधानाचार्य भर्ती 2013 के माध्यम से पटेल विद्यापीठ इंटर कॉलेज रमाबाई नगर कानपुर, जवाहर लाल नेहरू महाविद्यालय न्यायीपुर चौबारा, वीपी गुजराती विद्या मंदिर भैरोनाथ और चन्द्रपाल इंटर कॉलेज गोरागंज रायबरेली में हुआ था। लेकिन कार्यभार ग्रहण करने से पहले ही भर्ती विवादों में घिर गई।
अमित श्रीवास्तव बलभद्र इंटर कॉलेज मड़ियाहूं जौनपुर का चयन प्रधानाचार्य सीओडी छिवकी नैनी में हुआ था। उदय सिंह का बलभद्र इंटर कॉलेज मड़ियाहूं जौनपुर में चयन हुआ था। दोनों ही कार्यभार ग्रहण नहीं कर सके।
फैक्टफाइल
● 2013 में एडेड कॉलेजों में प्रधानाचार्य के 632 पदों पर आवेदन शुरू हुआ था।
● 2023 फरवरी में हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने निरस्त कर दिया रिजल्ट।
फाइलों में फंसे रहे 4.47 लाख, शिक्षक ने दम तोड़ा
2020 से एक से दूसरे काउंटर पर घूम रही फाइल
प्रयागराज। बाला प्रसाद कुशवाहा इंटर कॉलेज बलरामपुर बरेठी में इतिहास के प्रवक्ता नील रतन चौधरी का सोमवार को एक निजी अस्पताल में हार्ट अटैक से निधन हो गया। वह पिछले पांच महीने से किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे। दुखद पक्ष यह है कि अंतिम समय में इलाज के लिए भी उनके एरियर का भुगतान तीन साल में भी नहीं हो सका। उनकी नियुक्ति उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड से इतिहास प्रवक्ता के रूप में हुई थी। वह 17 जुलाई 2016 में तदर्थ प्रधानाचार्य बने। उसी समय से तदर्थ प्रधानाचार्य का वेतन मिलना चाहिए था लेकिन प्रबंधन की हीलाहवाली के कारण तदर्थ प्रधानाचार्य का वेतन नहीं मिला।लंबी लड़ाई के बाद 2020 में उनका वेतन निर्धारण हो सका। तदर्थ प्रधानाचार्य के रूप में सेवा देने पर तकरीबन 4.47 लाख रुपये एरियर की फाइल पिछले तीन साल से कॉलेज, जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय और शिक्षा निदेशालय में धूल खा रही थी। ईश्वरदीन छेदीलाल इंटर कॉलेज जसरा के पूर्व प्रधानाचार्य राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शशिकांत मिश्र और माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट के प्रदेश महामंत्री लालमणि द्विवेदी के प्रयासों से चार सितंबर को एरियर की अनुमन्यता मिली और डीआईओएस कार्यालय को 11 सितंबर को ग्रांट मिल गई। लेकिन इसके बावजूद डीआईओएस कार्यालय और कॉलेज प्रबंधन की अनदेखी के कारण दो महीने में भी उनकी बकाया राशि 4,47,873 खाते में नहीं भेजी जा सकी। माध्यमिक शिक्षक संघ एकजुट के प्रदेश संरक्षक डॉक्टर हरि प्रकाश यादव, माध्यमिक शिक्षक संघ के मंडलीय मंत्री अनुज कुमार पांडेय, जिलाध्यक्ष राम प्रकाश पांडेय आदि ने निधन पर शोक व्यक्त किया है।
आयुष्मान का लाभ अब पीएचसी पर भी मिलेगा
लखनऊ। अब प्रदेश के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) में भी आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को इलाज की सुविधा मिल सकेगी। शासन ने प्रदेश भर की पीएचसी को योजना से जोड़ने के आदेश दिए हैं। ऐसा होने पर पात्र लोगों को घर के और नजदीक मुफ्त इलाज की सुविधा मिल सकेगी।केंद्र की महत्वाकांक्षी ‘आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य’ योजना के लाभार्थी परिवारों को 5 लाख तक सालाना मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है। अभी तक योजना से प्रदेश के तमाम निजी अस्पतालों के अलावा सरकारी क्षेत्र के जिला व महिला अस्पतालों के अलावा सीएचसी को जोड़ा गया है। प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य पार्थ सारथी सेन शर्मा ने मुख्य चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी पीएचसी को भी आयुष्मान योजना से जोड़ा जाए।बेडों की निर्धारित संख्या के नियमों में शिथिलीकरण करते हुए अब इसे चार बेड कर दिया गया है। अभी तक 30 बेड वाली सीएचसी को ही योजना से जोड़ा गया था।
एक माह में जुडे़ंगी पीएचसी
प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य पार्थ सारथी सेन शर्मा ने कहा कि पीएचसी को भी आयुष्मान योजना से जोड़ा जाए। बेडों की निर्धारित संख्या के नियमों में शिथिलीकरण करते हुए अब इसे चार बेड कर दिया गया है। अभी 30 बेड वाली सीएचसी को ही योजना से जोड़ा गया था। एक माह में सभी पीएचसी योजना से जुड़ेंगी। बची हुई सीएचसी भी हिस्सा बनेंगी।
गुरुजी को अब मनचाहे तबादले के लिए पास करनी होगी परीक्षा, प्रति वर्ष हो सकेगा स्थानांतरण
लखनऊ। मनचाहे तबादले के लिए गुरुजी को अब परीक्षा पास करनी पड़ेगी। सरकार शिक्षकों के स्थानांतरण प्रक्रिया में एक नया बिन्दु जोड़ने जा रही है। इसके तहत परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों को मनचाहे स्कूलों में तैनाती के लिए अब कम्प्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) पास करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री अभ्यूदय एवं कम्पोजिट विद्यालयों के लिए श्रेष्ठ शिक्षकों का चयन भी इसी परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा।प्रदेश के स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए सरकार यह नई व्यवस्था लागू करने जा रही है। इसके तहत मेरिट के आधार पर शिक्षकों प्रोत्साहित किया जाएगा। सरकार का मानना है कि मेरिट के आधार पर शिक्षकों को स्कूल आवंटित करने से शिक्षकों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और वे अधिक से अधिक बेहतर परिणाम दे सकेंगे। सभी जिलों में इस परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।स्कूल शिक्षा महानिदेशक विजय किरण आनन्द की माने तो परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी गई है। अगले महीने से ही इसे लागू किया जाएगा। शुरुआत मुख्यमंत्री अभ्यूदय कम्पोजिट विद्यालयों से की जाएगी। इसके लिए श्रेष्ठ शिक्षकों को चुनने के लिए यह परीक्षा ली जाएगी। सरकार प्रदेश के सभी जिलों में एक-एक मुख्यमंत्री अभ्यूदय विद्यालय खोलने जा रही है।
प्रति वर्ष हो सकेगा स्थानांतरण
प्रदेश के 24 हजार कम्पोजिट विद्यालयों में भी शिक्षकों के चयन के लिए सीबीटी का आयोजन किया जाएगा। हर साल शिक्षकों के मनचाहे स्थानांतरण के लिए भी इसी परीक्षा के माध्यम से चयन किया जाएगा। प्रदेश में 1.39 लाख परिषदीय स्कूलों में इस समय 4.55 लाख शिक्षक तैनात हैं।
विभाग शिक्षकों को प्रशिक्षण भी देगा
शिक्षकों का कार्यक्षमता के साथ-साथ उनका अध्यापन कौशल बढ़े इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग शिक्षकों को समय-समय पर सीबीटी से जुड़े मसलों पर प्रशिक्षण भी देगा।
शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए उठाये जा रहे कदम
प्रदेश के स्कूलों में शिक्षकों के अलावा शिक्षा मित्र एवं अनुदेशक भी शिक्षण कार्य में मदद करते हैं। ऐसे में परिषदीय विद्यालयों में अच्छा कार्य कर रहे शिक्षकों की प्रतिभा का प्रयोग कर शिक्षा का स्तर और बेहतर बनाने की दिशा में ठोस व्यवस्था तैयार की जा रही है।
यूपी: बेसिक स्कूलों में शिक्षकों के साथ अब छात्रों की भी ऑनलाइन हाजिरी, जियो फेसिंग से होगी पहचान
लखनऊ।प्रदेश में बेसिक के विद्यालयों में टैबलेट वितरण के साथ ही विद्यालयों के नियमित काम-काज का डिजिटाइलेशन भी तेज हो गया है। इसी क्रम में 20 नवंबर से राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के सात जिलों में शिक्षक-छात्रों की रियल टाइम उपस्थिति दर्ज होगी। इसके अगले चरण में शिक्षकों व छात्रों की फेस रिक्गनाइज अटेंडेंस भी शुरू की जाएगी।शासन की ओर से बेसिक व कस्तूरबा विद्यालयों में 20 लाख से अधिक टैबलेट उपलब्ध कराये जा रहे हैं। इसी के साथ उपस्थिति पंजिका, प्रवेश पंजिका, कक्षावार छात्र उपस्थिति पंजिका, एमडीएम पंजिका, स्टॉक पंजिका, निरीक्षण पंजिका, आय-व्यय व चेक इश्यू पंजिका, बैठक पंजिका आदि का डिजिटाइजेशन भी कराया जा रहा है। यह काम लगभग आखिरी चरण में है।इसी क्रम में अब शासन की ओर से पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर सात जिलों में इन पंजिकाओं व शिक्षकों-छात्रों की उपस्थिति को रियल टाइम अपडेशन करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसमें लखनऊ, सीतापुर, रायबरेली, हरदोई, उन्नाव, श्रावस्ती व लखीमपुर खीरी शामिल हैं। निर्देश दिए गए हैं कि डिजिटल उपस्थिति पंजिका में शिक्षक, कर्मचारी व छात्रों की उपस्थित प्रेरणा पोर्टल पर अपने मोबाइल नंबर से दर्ज कराएंगे।शिक्षकों के लिए 01 अप्रैल से 30 सितंबर तक विद्यालय आने का समय सुबह 7:45 से आठ बजे तक और जाने का दोपहर 2:15 से 2:30 बजे है। वहीं एक अक्तूबर से 31 मार्च तक यह सुबह 8:45 से नौ बजे और दोपहर 3:15 से 3:30 बजे है। महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आनंद ने कहा है कि मोबाइल/ टैबलेट को जियो फेसिंग से पहचाना जायेगा। साथ ही पोर्टल पर उपस्थिति दर्ज करते समय अध्यापक/प्रधानाध्यापक को विद्यालय परिसर में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा।विद्यालय के शिक्षकों व कर्मचारियों की उपस्थिति का ऑनलाइन सत्यापन प्रधानाध्यापक करेंगे। पूरी तरह डिजिटल प्रक्रिया शुरू होने तक यह काम ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों तरह से किए जाएंगे। उन्होंने इन सात जिलों के बीएसए को निर्देश दिए हैं कि इस व्यवस्था को प्रभावी कराने के साथ ही डिजिटल रजिस्टर के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण भी दिया जाए।
पहले शिक्षकों को मिले उनका हक, फिर ऑनलाइन उपस्थिति
इस आदेश के जारी होने के साथ ही शिक्षकों में इसे लेकर नाराजगी भी सामने आई है। उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि 20 नवंबर से व्यवस्थाएं ऑनलाइन करने का आदेश जारी हुआ लेकिन अभी तक शिक्षकों को टैबलेट चलाने की ट्रेनिंग नहीं दी गई। एक साल से शिक्षकों के जिले के अंदर तबादले की प्रक्रिया चल रही है। पदोन्नति भी फंसी हुई है। पहले शिक्षकों को उनका हक दिया जाए, फिर ऑनलाइन उपस्थिति ली जाए। 20 नवंबर को प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा व बेसिक शिक्षा मंत्री से मिलकर शिक्षकों की समस्याओं से अवगत कराएंगे। वहीं विशिष्ट बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष संतोष तिवारी ने कहा कि दूर दराज क्षेत्र के स्कूलों में रियल टाइम अटेंडेंस लेना व्यवहारिक नहीं है। नेटवर्क आदि की समस्या भी बड़ी है। इससे शिक्षकों का शोषण ही बढ़ेगा।
देशभर में 30 लाख सरकारी पद खाली: खड़गे
दतिया (मध्यप्रदेश)। सेवढ़ा के इंदरगढ़ में जनसभा के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंगलवार को देश में कथित रूप से 30 लाख सरकारी पद खाली रहने पर मोदी सरकार को घेरा। खड़गे ने कहा कि इन ओहदों पर केवल 10 से 20000 लोगों की भर्तियां की जा रही हैं और दिखावे के लिए बड़े कार्यक्रम आयोजित करके चुनिंदा युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे जा रहे हैं।
पुरानी पेंशन बहाली के लिए कर्मचारी अडिग
लखनऊ । अटेवा पेंशन बचाओ मंच की ओर से मोहल्ला बैठक का आयोजन मड़ियांव सिद्धार्थ नगर खदरी में भरत अवस्थी के आवास पर किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिव गोविंद वर्मा ने किया। बैठक में अटेवा के मंडलीय मंत्री यश कुमार राठौर ने कहा कि एक अक्टूबर को नई दिल्ली में हुई पेंशन शंखनाद महारैली का असर पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनावों में दिखाई देगा। एनएमओपीएस व अटेवा की ओर से वोट फॉर ओपीएस अभियान चलाया जा रहा है।धीरेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि मोहल्ला मीटिंग से हर शिक्षक, कर्मचारी को जागरूक किया जा रहा है। बैठक से कर्मचारियों और शिक्षकों को पुरानी पेंशन के लिए जागरूकता बढ़ाने के साथ ही निजीकरण के दुष्प्रभावों से भी अवगत कराया जा रहा है। बैठक में मुख्य रूप से डॉ. सविता लाल पाल, अभय शुक्ला, रमेश पाल, संतोष कुमार विश्वकर्मा, डॉ. हिमांशु पांडेय, राघव शुक्ला, आशुतोष पांडेय, रोहित डे, विशेष मिश्रा, नवनीत मिश्रा और आकाश सिंह चौहान
कार्रवाई पोर्टल पर नहीं डाली तो 27 बीएसए को चेतावनी
लखनऊ । स्थलीय निरीक्षणों में अनुपस्थित पाए जाने वाले शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मियों के खिलाफ की गई कार्रवाई का विवरण प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड नहीं करने वाले प्रदेश के 27 जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों को मंगलवार को स्कूल शिक्षा महानिदेशक विजय किरण आनंद ने जमकर फटकार लगाई है।साथ ही चेतावनी के साथ निर्देश दिए हैं कि वे प्रेरणा निरीक्षण ऐप तथा प्रेरणा सपोर्टिव सुपर विजन ऐप के माध्यम से नियमित रूप से विद्यालयों के निरीक्षण को अनिवार्य रूप से आनलाइन अपलोड करें।बीते सितम्बर -अक्तूबर में विभागीय अधिकारियों द्वारा विद्यालयों के किए गए स्थलीय निरीक्षण में अनधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए क्रमश 6799 तथा 7761 शिक्षकों के जिलेवार विवरण अवलोकन करने पर पता लगा कि अनुपस्थित पाए गए शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कर्मियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई का बमुश्किल 67 एवं 85 फीसदी विवरण ही प्रेरण पोर्टल पर अपलोड किया जा सका है।









